झारखंड सरकार ने राज्य को भविष्य की तकनीक और ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए विजन-2050 पर काम तेज कर दिया है। नई दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय 'नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन' के पहले दिन सूचना प्रौद्योगिकी (IT), आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डिजिटल गवर्नेंस और निवेश को लेकर व्यापक चर्चा हुई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड की पहचान अब केवल खनिज संपदा तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे नवाचार, अनुसंधान और प्रतिभा के केंद्र के रूप में विकसित करना होगा।
ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था पर जोर
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड देश को केवल प्राकृतिक संसाधन ही नहीं, बल्कि बौद्धिक पूंजी भी उपलब्ध करा सकता है। उन्होंने कहा कि राज्य का लक्ष्य केवल आर्थिक विकास हासिल करना नहीं, बल्कि समावेशी, संतुलित और सतत विकास सुनिश्चित करना है। उनके अनुसार आने वाले वर्षों में रिसर्च, इनोवेशन और टेक्नोलॉजी आधारित विकास राज्य की प्राथमिकता रहेगा।
बड़ी टेक कंपनियों ने रखे सुझाव
कार्यक्रम में माइक्रोसॉफ्ट, गूगल, आईबीएम समेत कई प्रमुख तकनीकी कंपनियों, उद्योग जगत, शिक्षाविदों और नीति विशेषज्ञों ने भाग लिया। विशेषज्ञों ने झारखंड में डिजिटल इकोसिस्टम को मजबूत करने, आईटी निवेश बढ़ाने, स्टार्टअप संस्कृति को प्रोत्साहन देने और भविष्य की तकनीकों के अनुरूप मानव संसाधन तैयार करने को लेकर अपने सुझाव साझा किए।
ये भी पढ़ें : Australia से Uranium सप्लाई पर बनी सहमति! भारत की परमाणु ऊर्जा योजना को मिलेगा बड़ा सहारा
नई नीतियों का प्रस्तुत किया गया रोडमैप
बैठक के दौरान झारखंड एआई पॉलिसी, इन्वेस्टमेंट प्रमोशन पॉलिसी, टूरिज्म पॉलिसी, टेक्सटाइल पॉलिसी, जियाडा रेगुलेशंस और पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) पॉलिसी से जुड़े कॉन्सेप्ट पेपर भी हितधारकों के सामने रखे गए। सरकार ने इन मसौदों पर उद्योग जगत और विशेषज्ञों से सुझाव आमंत्रित किए, ताकि नीतियों को अधिक व्यावहारिक और निवेशक-अनुकूल बनाया जा सके।
निवेश और रोजगार पर रहेगा फोकस
कार्यक्रम में बिजनेस-टू-गवर्नमेंट (B2G) संवाद भी आयोजित किया गया, जिसमें आईटी, एआई और डिजिटल गवर्नेंस के क्षेत्र में निवेश और साझेदारी की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि विशेषज्ञों और उद्योग जगत से मिले सुझावों के आधार पर ऐसी नीतियां तैयार की जाएंगी, जो निवेश आकर्षित करने के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर पैदा करें और झारखंड को भविष्य की अर्थव्यवस्था के अनुरूप विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।