Prepaid Recharge Plan Price Hike: देश की मुख्य टेलीकॉम कंपनियों ने अपने यूजर्स को एक जोरदार झटका देने का फैसला किया है। जी हां देश की तीन सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनियां जियो, एयरटेल और वोडाफोन-आइडिया आने वाले कुछ महीनों में अपने मोबाइल रिचार्ज प्लान महंगे करने की तैयारी में हैं। एक तरफ जहां स्मार्टफोन आज हम सबकी जिंदगी का सबसे जरूरी हिस्सा बन चुका है, वहीं दूसरी ओर महंगे मोबाइल रिचार्ज प्लान ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। आइए जानते हैं कि कंपनियां ऐसा क्यों कर रही हैं और इसका आपकी जेब पर क्या असर पड़ेगा।
क्यों बढ़ रहे हैं दाम
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, टेलीकॉम कंपनियां अपने प्रीपेड प्लान्स की कीमतों में करीब 15% तक की बढ़ोतरी कर सकती हैं। बता दें, पिछले दो सालों में इंटरनेट का इस्तेमाल तो बहुत तेजी से बढ़ा है, लेकिन कंपनियों की प्रति ग्राहक औसत कमाई उतनी नहीं बढ़ी जितनी उम्मीद थी। यही वजह है कि टेलीकॉम कंपनियों ने अपनी कमाई को बढ़ाने के लिए रिचार्ज प्लान की कीमतों में बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है।
क्या सभी प्लान्स हो जाएंगे महंगे?
एक्सपर्ट्स का मानना है कि कंपनियां सभी प्लान्स के दाम एक साथ नहीं बढ़ाएंगी। इसके बजाय एक नया तरीका अपनाया जा सकता है। मिली जानकारी के अनुसार इस बढ़ोतरी का सबसे ज्यादा असर फिलहाल प्रीपेड रिचार्ज प्लान्स पर देखने को मिल सकता है। डेली इस्तेमाल किए जाने वाले डेटा पैक्स और अनलिमिटेड कॉलिंग वाले प्लान महंगे किए जा सकते हैं। कम इंटरनेट इस्तेमाल करने वाले या सिर्फ कॉलिंग वाले ग्राहकों पर इस बढ़ोतरी का ज्यादा असर नहीं पड़ेगा।
आखिरी बार 2024 में हुई थी बढ़ोतरी
आपको बता दें कि कंपनियों ने आखिरी बार साल 2024 में अपने प्लान्स महंगे किए थे। इन दो सालों में इंटरनेट का इस्तेमाल तो बहुत तेजी से बढ़ा है। लेकिन कंपनियों की प्रति ग्राहक कमाई में कोई खास बढ़ोतरी देखने को नहीं मिली थी। अब अपनी कमाई को सुधारने के लिए कंपनियां यह कदम उठा रही हैं।
क्या करें अब यूजर्स
फिलहाल कंपनियों ने इस बढ़ोतरी की किसी तय तारीख का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है। लेकिन अगर आने वाले कुछ महीनों में रिचार्ज प्लान महंगे होते हैं और आपके मौजूदा प्लान की वैलिडिटी खत्म होने वाली है, तो आपको कीमतें बढ़ने से पहले ही 84 दिन या 1 साल वाला कोई लंबी वैलिडिटी का प्लान रिचार्ज करा लेना चाहिए, इससे आपको फायदा होगा।