Jio 10th Anniversary Offer: जियो देश में अपने 10 साल पूरे होने पर खास ऑफर लेकर आया है। जियो भारत फीचर फोन के लिए सीमित समय के लिए ये ऑफर आया है। इस ऑफर में योग्य जियो भारत 4जी फोन बस 1499 रुपए में मिल रहा है। इतना ही नहीं इसके साथ 6 महीने के कनेक्टिविटी फायदे भी दिए जा रहे हैं। जो ग्राहक ये फोन खरीदेंगे उनको 6 महीनों तक रिचार्ज कराने की चिंता नहीं करनी पड़ेगी। जियो कंपनी ने कहा है कि, ये ऑफर उन 2जी यूजर्स के लिए है जो 4जी में शिफ्ट होना चाहते हैं।
ऑफर में क्या-क्या मिलेगा?
जियो के Anniversary Offer के तहत जियो भारत 4जी फोन की कीमत 1499 रुपए है। इसमें कई फायदे शामिल हैं। यूजर्स को हर महीने 14 जीबी डेटा और अनलिमिटेड वॉयस कॉल की सुविधा मिलेगी। गौरतलब हो कि ये ऑफर सीमित समय के लिए ही उपलब्ध है। कपंनी ने अभी ये भी साफ नहीं किया है कि ये ऑफर जियो भारत के किन मॉडल के लिए होगा।
2G से 4G पर जाना कैसे होगा सस्ता?
रिचार्ज की बात की जाए तो जियो के 199 रुपए महीने के रिचार्ज के हिसाब से ग्राहक हर 6 महीने में लगभग 1200 रुपए खर्च करता है। एनिवर्सरी ऑफर में फोन 1499 रुपए में मिलेगा और 6 महीने की कनेक्टिविटी पहले से ही शामिल होगी। कंपनी इसी हिसाब से बताती है कि 6 महीने के रिचार्ज की कीमत घटाने के बाद फोन की प्रभावी कीमत 299 रुपए रह जाती है। जियो ने यह ऑफर त्योहारी सीजन में 2 जी से 4 जी में जाने वालों के लिए बनाया है।
जियो भारत फोन में हैं कौन-कौन से फीचर?
जियो भारत फोन में केवल कॉलिंग की ही सुविधा नहीं मिलती बल्कि जियो की कई डिजिटल सेवाएं भी मिलती है। इसमें मनोरंजन के लिए जियो टीवी के 500 से ज्यादा टीवी चैनल मिलते हैं। इसके अलावा जियो हॉटस्टार भी मिलता है, जिसमें लाइव क्रिकेट और कई फिल्में देखी जा सकती है। इतना ही नहीं जियो भारत फोन से आप यूपीआई पेमेंट भी कर सकते हैं। इसमें लोकेशन मॉनिटरिंग जैसी एडवांस फीचर भी शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: कहीं आपके नाम पर भी तो नहीं चल रहा फर्जी SIM? 3 साल की जेल से बचने के लिए ऐसे करें चेक
कैसा दिखता है जियो भारत फोन
जियो भारत फोन में 2.4 इंच की डिस्प्ले दी गई है इसके साथ ही 2000 mAh की बैटरी और 4 जी कनेक्टिविटी भी शामिल है। ये सब जियो भारत B1 और जियो भारत B2 मॉडल में शामिल हैं। फोन देखने में काफी स्टाइलिश भी लगता है। साथ ही हाथ में पकड़ने पर अच्छी फीलिंग भी होती है।