JNU Fee Last Date: जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के अंडरग्रेजुएट और सर्टिफिकेट ऑफ प्रोफिशिएंसी प्रोग्राम में दाखिले के लिए पहली मेरिट लिस्ट जारी कर दी है। जिन छात्रों का इस लिस्ट में नाम है, उन्हें जल्द से जल्द प्री-एनरोलमेंट प्रोसेस पूरा कर फीस जमा करनी होगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने साफ किया है कि तय समय पर फीस जमा न करने पर उम्मीदवार की सीट रद्द कर दी जाएगी और सीट दूसरे आवेदक को दे दी जाएगी।
कब आएगी मेरिट लिस्ट
पहली मेरिट लिस्ट में शामिल उम्मीदवारों के लिए प्री-एनरोलमेंट और फीस जमा करने की तारीख 3 अगस्त से 6 अगस्त 2026 तय की गई है। फीस जमा होने के बाद ही सीट सुरक्षित मानी जाएगी। वहीं दूसरी मेरिट लिस्ट 12 अगस्त को जारी की जाएगी। इसी दिन सुपरन्यूमेरेरी सीटों की सूची भी आएगी। दूसरी मेरिट लिस्ट में शामिल उम्मीदवार 12 अगस्त से 14 अगस्त के बीच फीस जमा कर सकते हैं।
दस्तावेजों की जांच जरूरी
मेरिट लिस्ट में चुने उम्मीदवारों के डॉक्यूमेंट का फिजिकल वेरिफिकेशन 17 से 20 अगस्त के बीच किया जाएगा। इस दौरान उम्मीदवारों को मूल प्रमाणपत्र, आय प्रमाण पत्र, पहचान पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज साथ लेकर आना होगा। कागजात पूरे न होने पर एडमिशन रद्द किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें: RVUNL Recruitment 2026: इस राज्य में JE, AE, CA के पदों पर निकली बंपर भर्ती, आज से आवेदन शुरू
फाइनल लिस्ट कब होगी जारी
वहीं अगर दूसरी मेरिट लिस्ट के बाद भी सीटें खाली रहती हैं, तो इसके लिए उम्मीदवारों को 26 से 28 अगस्त तक ऑप्शन चुनने का मौका मिलेगा। इसके बाद बची हुई सीटों के लिए 3 सितंबर को आखिरी मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। अंतिम सूची में चुने उम्मीदवारों को 3 से 5 सितंबर के बीच फीस जमा करनी होगी। जबकि 9 और 10 सितंबर को दस्तावेजों का वैरिफिकेशन किया जाएगा।
15 सितंबर तक पूरी प्रक्रिया समाप्त
बता दें कि जेएनयू में एडमिशन की पूरी प्रक्रिया 15 सितंबर 2026 तक समाप्त हो जाएगी। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे ताजा अपडेट के लिए विश्वविद्यालय के आधिकारिक पोर्टल पर नजर बनाए रखें।