बॉलीवुड अभिनेता जॉन अब्राहम ने अब क्रिकेट की दुनिया में भी बड़ी एंट्री कर ली है। जॉन यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग (ETPL) की फ्रेंचाइजी रॉटरडैम डॉकर्स के सह-मालिक बन गए हैं। उनके इस फैसले ने फिल्म और क्रिकेट दोनों जगत में चर्चा तेज कर दी है। अब जॉन सिर्फ फिल्मों तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि क्रिकेट टीम की रणनीति और विकास में भी अहम भूमिका निभाएंगे।
दिग्गजों के साथ जुड़ा नाम
रॉटरडैम डॉकर्स की ओनरशिप टीम में जॉन अब्राहम के साथ कई बड़े क्रिकेट सितारे भी जुड़े हुए हैं। इनमें जोंटी रोड्स, फाफ डु प्लेसिस, हेनरिक क्लासेन और मैनेजिंग पार्टनर मधुकर श्री शामिल हैं। इन दिग्गजों की मौजूदगी से टीम को अनुभव और पहचान दोनों मिलने की उम्मीद है।
अगस्त से शुरू होगी नई लीग
यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग का पहला सीजन 26 अगस्त से 20 सितंबर तक खेला जाएगा। इस टूर्नामेंट में ग्लासगो, एम्स्टर्डम, एडिनबर्ग, डबलिन, बेलफास्ट और रॉटरडैम की छह टीमें हिस्सा लेंगी। पूरे टूर्नामेंट में कुल 32 मुकाबले खेले जाएंगे और आयोजकों को उम्मीद है कि यह लीग यूरोप में क्रिकेट को नई पहचान दिलाएगी।
जॉन ने बताया क्यों किया निवेश
जॉन अब्राहम का कहना है कि क्रिकेट लोगों को जोड़ने वाला खेल है और यूरोप इस समय क्रिकेट के लिए तेजी से उभरता हुआ बाजार बन रहा है। उनके मुताबिक रॉटरडैम डॉकर्स के पास मजबूत नेतृत्व और बड़ा विजन है। इसी वजह से उन्होंने इस टीम के साथ जुड़ने का फैसला लिया है।
लीग को मिलेगा बड़ा फायदा
ईटीपीएल के सह-संस्थापक अभिषेक बच्चन ने कहा कि जॉन अब्राहम का खेलों के प्रति जुनून और स्पोर्ट्स बिजनेस का अनुभव टीम के लिए बड़ा फायदा साबित होगा। उनका मानना है कि जॉन की मौजूदगी से लीग को नई पहचान मिलेगी और दुनियाभर के क्रिकेट प्रेमियों का ध्यान भी इस टूर्नामेंट की ओर जाएगा।
इसे भी पढे़ं : Vaibhav की पहली प्रैक्टिस से पहले बवाल... आयरलैंड की व्यवस्था पर टीम इंडिया ने उठाए ये सवाल
यूरोप में क्रिकेट को मिलेगी नई उड़ान
इस लीग से कई बड़े क्रिकेट दिग्गज पहले ही जुड़े हुए हैं। राहुल द्रविड़, स्टीव वॉ, मैथ्यू हेडन, जोंटी रोड्स, फाफ डु प्लेसिस और हेनरिक क्लासेन जैसे नाम इसकी ताकत बढ़ा रहे हैं। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग आने वाले समय में दुनिया की चर्चित क्रिकेट लीगों में अपनी अलग पहचान बना सकती है।