अमेरिका के ओकलैंड शहर से दुखद खबर सामने आई है। मशहूर फुटबॉल कोच और नेटफ्लिक्स की डॉक्यूमेंट्री ‘Last Chance U’ से अंतरराष्ट्रीय पहचान पाने वाले जॉन बीम की गोली मारकर हत्या कर दी गई। 66 साल के बीम को गुरुवार को लेनी कॉलेज कैंपस में गोली मारी गई थी और एक दिन बाद उन्होंने अस्पताल में दम तोड़ दिया। बीम पिछले साल कोचिंग से रिटायर हुए थे और 2025 में एथलेटिक डायरेक्टर का पद संभाला था। 40 साल की लंबी कोचिंग यात्रा में उन्होंने सैकड़ों खिलाड़ियों का करियर बदला और उनके कॉलेज बायो के अनुसार उनके 20 से ज्यादा खिलाड़ी NFL तक पहुंचे। इस घटना की खबर आते ही अमेरिकी खेल जगत और उनके पूर्व खिलाड़ियों में शोक की लहर दौड़ गई।
अस्पताल ले जाया गया, लेकिन नहीं बची जान !
एसोसिएटेड प्रेस के मुताबिक, गोलीबारी गुरुवार दोपहर से पहले हुई और पुलिस मौके पर पहुंची तो जॉन बीम को गोली लगी हालत में पाया। तुरंत उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। पुलिस ने बताया कि यह हमला ‘टारगेटेड अटैक’ था। संदिग्ध आरोपी की पहचान 30 साल के सेड्रिक इर्विंग जूनियर के रूप में हुई है, जो अक्सर कैंपस के आसपास घूमता दिखाई देता था। पुलिस ने इर्विंग को ओकलैंड के एक रेल स्टेशन से गिरफ्तार किया और वारदात में इस्तेमाल की गई बंदूक भी बरामद कर ली। इर्विंग ने उसी हाई स्कूल में फुटबॉल खेला था जहां बीम कभी कोचिंग देते थे, लेकिन दोनों एक ही समय पर वहां मौजूद नहीं थे। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि दोनों एक-दूसरे को कैसे जानते थे।
Last Chance U’ के पांचवें सीजन में बीम को दिखाया
जॉन बीम ओकलैंड के खेल समुदाय में बेहद सम्मानित व्यक्तित्व थे। नेटफ्लिक्स की डॉक्यूमेंट्री ‘Last Chance U’ के पाँचवें सीज़न में बीम को दिखाया गया था, जिसमें लेनी ईगल्स टीम पर फोकस किया गया था। 2020 में रिलीज़ हुई इस डॉक्यूमेंट्री ने बीम को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाई। सीरीज़ में उन्हें एक ऐसे कोच के रूप में दिखाया गया जो उन खिलाड़ियों पर भरोसा करते थे जिन पर कोई और विश्वास नहीं करता था। वह अपने खिलाड़ियों के साथ परिवार जैसा संबंध बनाते थे और उन्हें चैंपियनशिप स्तर पर खेलने के लिए तैयार करते थे। उनकी कोचिंग स्टाइल और खिलाड़ियों को मौका देने की क्षमता ने उन्हें एक प्रेरणादायक शख्सियत बना दिया।
जॉन बीम के परिवार का भावुक बयान
जॉन बीम के परिवार ने एक भावुक बयान जारी कर कहा वो एक प्यारे पति, पिता, दादा, भाई, अंकल, कोच, मेंटर और दोस्त थे परिवार ने कहा कि देशभर से मिल रही श्रद्धांजलियों ने उनका दिल भर दिया है, लेकिन इस मुश्किल वक्त में उन्होंने निजता की अपील की है। बीम की मौत ने ओकलैंड के खेल जगत में एक बड़ा खालीपन छोड़ दिया है। उनके खिलाड़ियों, सहयोगियों और प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर उन्हें एक महान कोच और उससे भी बेहतर इंसान बताया। जॉन बीम की विरासत हमेशा उन खिलाड़ियों के रूप में जिंदा रहेगी, जिन्हें उन्होंने नई राह दिखाई और जिंदगी बदलने का मौका दिया।