Joint Pain : आजकल यह देखा जा रहा है कि पहले जो समस्याएं केवल उम्रदराज लोगों में देखने को मिलती थीं, वे अब युवाओं में भी आम होती जा रही हैं. उनमें से एक प्रमुख समस्या है जोड़ों का दर्द. जहां पहले घुटनों, कमर, या कंधों में दर्द की शिकायत 50 या 60 की उम्र के बाद होती थी, वहीं अब 20 से 35 साल के युवाओं में भी यह समस्या तेजी से बढ़ रही है. यह एक चिंता का विषय है क्योंकि जोड़ों का दर्द न केवल शारीरिक कष्ट देता है, बल्कि दैनिक जीवन की कार्यक्षमता को भी प्रभावित करता है. कम उम्र में जोड़ों के दर्द के कई कारण हो सकते हैं. सबसे प्रमुख कारणों में जीवनशैली की गलत आदतें शामिल हैं. घंटों तक एक ही जगह बैठकर काम करना, शारीरिक गतिविधि की कमी, असंतुलित आहार, और मोटापा युवाओं में जोड़ों पर अतिरिक्त दबाव डालता है. इसके अलावा, लगातार मोबाइल या लैपटॉप पर झुककर काम करना भी गर्दन और कंधों के जोड़ पर असर डालता है.
क्या हैं बड़े कारण
शरीर में विटामिन D और कैल्शियम की कमी. आज की पीढ़ी धूप से दूर रहती है और प्राकृतिक स्रोतों से मिलने वाले पोषक तत्वों की अनदेखी करती है, जिससे हड्डियां कमजोर हो जाती हैं और जोड़ों में दर्द शुरू हो जाता है. इसके साथ ही गलत व्यायाम तकनीक, अत्यधिक वजन उठाना, या अचानक भारी शारीरिक मेहनत करना भी जोड़ों की समस्याओं को जन्म दे सकता है. इसके अलावा, ऑटोइम्यून बीमारियां जैसे रुमेटॉयड आर्थराइटिस और ल्यूपस जैसी समस्याएं भी कम उम्र में जोड़ों के दर्द का कारण बन सकती हैं. कभी-कभी संक्रमण या किसी पुराने चोट के कारण भी यह दर्द बना रहता है. मानसिक तनाव और नींद की कमी भी इस समस्या को बढ़ावा देते हैं.
नियमित व्ययाम भी जरूरी
समस्या का समाधान समय रहते करना आवश्यक है. इसके लिए संतुलित आहार लेना, नियमित व्यायाम करना, वजन नियंत्रित रखना, और विटामिन D की पर्याप्त मात्रा लेना जरूरी है. योग और मेडिटेशन से भी लाभ मिल सकता है. अगर दर्द लगातार बना रहे तो डॉक्टर से परामर्श अवश्य लेना चाहिए. कम उम्र में जोड़ों का दर्द एक चेतावनी है कि हमें अपने शरीर और जीवनशैली की ओर ध्यान देने की आवश्यकता है. यदि समय रहते इसके कारणों को समझकर उचित उपाय किए जाएं, तो इस दर्द से छुटकारा पाया जा सकता है और जीवन को स्वस्थ रूप में जिया जा सकता है.