1 जुलाई 2026 से देशभर में कई अहम नियम लागू हो गए हैं, जिनका असर आम लोगों की जेब, यात्रा, सरकारी सेवाओं और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ेगा। एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बदलाव, पासपोर्ट फीस में बढ़ोतरी, आधार से जुड़े नए नियम, EPFO की ऑनलाइन सेवाएं, रेलवे के नए प्रावधान और नई सरकारी योजनाएं आज से लागू हो चुकी हैं। ऐसे में यह जानना जरूरी है कि किन बदलावों से राहत मिलेगी और किन मामलों में अब ज्यादा खर्च करना पड़ेगा।
LPG सस्ता, पासपोर्ट हुआ महंगा
तेल कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 183.50 रुपये की कटौती की है। दिल्ली में इसकी नई कीमत 2,930 रुपये हो गई है। वहीं 5 किलो वाला छोटू गैस सिलेंडर 13 रुपये सस्ता होकर 808.50 रुपये में मिलेगा। हालांकि घरेलू 14.2 किलो वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। दूसरी ओर पासपोर्ट बनवाना महंगा हो गया है। अब 36 पन्नों वाले सामान्य पासपोर्ट के लिए 2,500 रुपये और तत्काल सेवा के लिए 5,000 रुपये देने होंगे। 60 पन्नों वाले पासपोर्ट की फीस भी बढ़ाकर 3,500 रुपये कर दी गई है।
आधार और EPFO से जुड़े नियम बदले
UIDAI ने आधार से जुड़े नियमों में भी बदलाव किया है। 1 जुलाई से 31 दिसंबर 2026 तक आधार में ईमेल आईडी अपडेट कराने की सुविधा मुफ्त कर दी गई है, लेकिन यह सुविधा केवल नए Aadhaar App के जरिए मिलेगी। वहीं पुराना mAadhaar App अब रिटायर कर दिया गया है। दूसरी ओर EPFO ने सिस्टम अपग्रेड पूरा होने के बाद अपनी ऑनलाइन सेवाएं फिर से शुरू कर दी हैं। अब सदस्य दोबारा पीएफ बैलेंस देख सकेंगे, पासबुक डाउनलोड कर सकेंगे, क्लेम दाखिल कर सकेंगे और अन्य ऑनलाइन सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।
ये भी पढ़ें : शादी का सर्टिफिकेट नहीं बनवाया? आगे पड़ सकता है भारी, जानिए क्या हैं बड़े फायदे और आसान प्रक्रिया
रेलवे, रोजगार और यात्रा से जुड़े नए फैसले
रेलवे ने भी कई नियम सख्त कर दिए हैं। ट्रेन में प्रतिबंधित सामान ले जाने पर जुर्माना बढ़ाकर 10,000 रुपये तक किया गया है, जबकि बिना टिकट यात्रा और अन्य नियमों को लेकर भी सख्ती बढ़ाई गई है। वहीं 'विकसित भारत-रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण)' योजना आज से लागू हो गई है, जिसके तहत ग्रामीण परिवारों को अब साल में 125 दिन तक रोजगार की गारंटी मिलेगी। इसके अलावा 1 जुलाई से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 'फसल बीमा माह' अभियान भी शुरू हो गया है, जो पूरे जुलाई महीने तक चलेगा।
नोएडा एयरपोर्ट और ऋषिकेश से जुड़ी बड़ी खबर
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से आज से छह नए शहरों भोपाल, देहरादून, धर्मशाला, जोधपुर, बरेली और पंतनगर—के लिए सीधी उड़ानें शुरू हो गई हैं। इससे यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। वहीं मानसून को देखते हुए ऋषिकेश में 1 जुलाई से रिवर राफ्टिंग पर रोक लगा दी गई है। गंगा में जलस्तर बढ़ने के कारण सुरक्षा के मद्देनजर यह फैसला लिया गया है। राफ्टिंग गतिविधियां अब सितंबर में दोबारा शुरू होने की संभावना है।
दिल्ली EV पॉलिसी से राहत, बदलावों का सीधा असर
दिल्ली में नई EV Policy 2026 भी आज से लागू हो गई है। इसके तहत इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने वालों को सब्सिडी और कई अन्य प्रोत्साहन दिए जाएंगे। सरकार का दावा है कि इस योजना से आने वाले वर्षों में लोगों को हजारों करोड़ रुपये का लाभ मिलेगा। कुल मिलाकर 1 जुलाई से लागू हुए इन बदलावों का असर लगभग हर वर्ग पर पड़ेगा। कुछ फैसलों से लोगों को राहत मिली है, जबकि कुछ बदलावों के कारण खर्च बढ़ेगा। ऐसे में नए नियमों की जानकारी रखना अब पहले से कहीं ज्यादा जरूरी हो गया है।