महिलाओं के गले पर हाथ डालने वाले चेन लुटेरों की अब खैर नहीं है। ऐसे शातिर लुटेरों की पहचान के लिए थानों में पोस्टर चस्पा किए गए है, ताकि ऐसे बदमाशों को पकड़ने में आमजन मनास पुलिस का सहयोग कर सके और महिलाओं की चेन व पर्स लूटने वाले बदमाशों को खाकी सबक सिखा सके।
शातिर लुटेरों के फोटो चस्पा किए गए
पिछले तीन दिनों में बदमाशों ने एक के बाद एक चार चेन लूट की वारदातों को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती है। ऐसे बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है, लेकिन लुटेरे पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ रहे है और वह वारदात कर रहे है। ऐसे में पुलिस ने शातिर लुटेरों को पकड़ने के लिए नया फार्मूला अपनाया है और शहर सर्किल के सभी सात थानों में शातिर लुटेरों के फोटो चस्पा किए गए है। इसके पीछे पुलिस का मकसद है कि अगर ऐसे बदमाश शहर में या फिर किसी गली मोहल्ले में रेकी करते मिलते है तो लोग इसकी जानकारी तत्काल संबंधित थाना पुलिस को दे और पुलिस समय रहते ऐसे बदमाशों को पुलिस सबक सिखा सके। शहर सर्किल के सात थानों में फिलहाल 57 बदमाशों के फोटो चस्पा किए गए, जिसमें उनका नाम पता भी अंकित किया गया है। साथ ही वर्तमान में यह बदमाश कहां और क्या कर रहे है। गोपनीय स्तर पर पुलिस इसकी जांच भी कर रही है, जिसका टास्क बीट के सिपाही व हल्का इंचार्ज को दिया गया है।
मिशन शक्ति 5.0 के तहत लगाए गए
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मिशन शक्ति 5.0 के तहत पुलिस महिलाओं की सुरक्षा के प्रति लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। इसी कड़ी में राह चलते महिलाओं से लूटपाट करने वाले बदमाशों को पुलिस ने चिन्हित किया, जो पूर्व में चेन, पर्स व मोबाइल लूट आदि की घटनाओं में पकड़े जा चुके है। इस लिए पुलिस ने ऐसे बदमाशों के थानों में पोस्टर लगाए है, ताकि विशेषकर महिलाएं इनसे सतर्क रहे सकें।
पहले भी चस्पा हुए थे फोटो
पुलिस लगातार असामाजिक तत्वों से लेकर शातिर बदमाशों पर शिकंजा कसती रहती है। थानों में बदमाशों को पोस्टर चस्पा होने की यह पहली घटना नहीं है। सीआईए के दंगे के बाद भी पुलिस ने बलवाइयों को सूचना देने के लिए घंटाघर से लेकर शहर के कई चौराहों पर उनके फोटो चस्पा किए थे। इस बार थानों में लुटेरों के फोटो लगे पोस्टर पुलिस ने चस्पा किए हैं।
इनका कहना है
महिलाओं को चेन लुटेरों और स्नैचरों से बचाने और अलर्ट रहने के लिए थानों में लुटेरों के पोस्टर चस्पा किए गए है। ऐसे बदमाशों का सत्यापन भी कराया जा रहा है कि वर्तमान में वह कहां और क्या कर रहे हैं। आपराधिक गतिविधि मिलने पर उनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश भी थानेदारों को दिए गए हैं।