चर्चित यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को लेकर एक बड़ा खुलासा हुआ है जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने अयोध्या, काशी, मथुरा पर सुरक्षा बेहद कड़ी कर दी है, दरअसल ज्योति मल्होत्रा का UP कनेक्शन सामने आया है. एक ओर जहां ज्योति समेत उनके करीबियों से सुरक्षा एजेंसियां पूछताछ में जुटी है तो वहीं दूसरी ओर ज्योति के कई ऐसे वीडियो सामने आए है जो यूपी से जुड़े है, जिसमें अयोध्या, बनारस से लेकर मथुरा का वीडियो भी है.
सुरक्षा एजेंसियां गहन पूछताछ में जुटी
ऐसा बताया जा रहा है कि ज्योति मल्होत्रा ने यूपी के कई मंदिरों की सूचनाएं जुटाई थी. दिव्य, भव्य महाकुंभ के वक्त ज्योति प्रयागराज गई थी. जिसकी तस्वीरें भी सामने आई है. इसके साथ ही ज्योति काशी, अयोध्या, मथुरा और वृंदावन भी जा चुकी है जिसके वीडियो ज्योति के यूट्यूब चैनल पर दिखने के बाद जांच एजेंसियां अलर्ट पर है. पाकिस्तानी जासूसी के आरोप में गिरफ्तार होने के बाद उसके हर वीडियो को संदेह के दायरे से देखा जा रहा है. पाकिस्तानी जासूसी नेटवर्क से कथित संबंधों के आरोपों में घेरी गई ज्योति के खिलाफ अब सुरक्षा एजेंसियां गहन पूछताछ में जुटी हुई हैं.
ज्योति के चैनल पर मिले UP से जुड़े वीडियो
आपको बता दें ज्योति मल्होत्रा एक फेमस यूट्यूबर है जिनके यूट्यूब चैनल का नाम 'TravelWithJo' है इसी चैनल पर ऐसे वीडियो मौजूद है जो कहीं ना कहीं ज्योति को कई तरह के सवालों के घेरे में ला रहे है. चैनल में मौजूद वीडियो से ये स्पष्ट है कि वो उत्तर प्रदेश के धार्मिक और संवेदनशील स्थलों पर जाकर वीडियो बना चुकी है. चैनल पर अपलोड किए गए वीडियो में वाराणसी, अयोध्या में बने भव्य राम मंदिर, प्रयागराज का संगम और मथुरा-वृंदावन के धार्मिक स्थल प्रमुखता से शामिल हैं.
एक बार नहीं कई बार गई धार्मिक स्थल
ज्योति के तैयार किए गए वीडियोज में न केवल मंदिरों और धार्मिक स्थानों की भव्यता को कैद किया गया है, बल्कि इन स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, और श्रद्धालुओं की गतिविधियों जैसी जानकारियों को भी विस्तार से दिखाया गया है. बताया तो ये भी जा रहा है कि वो सिर्फ एक बार ही नहीं बल्कि कई बार वो धार्मिक स्थलों पर गईथी, जिसको लेकर अब UP में सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट पर है.