मोहाली के लालड़ू इलाके में पुलिस और गैंगस्टर के बीच हुई मुठभेड़ ने कबड्डी खिलाड़ी हत्याकांड को नया मोड़ दे दिया। पुलिस के अनुसार, एनकाउंटर में गैंगस्टर हरपिंदर सिंह उर्फ मिद्दू मारा गया है। मोहाली के एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस ने इसकी पुष्टि की। हरपिंदर तरन तारन का रहने वाला था और वह हाल ही में हुए कबड्डी खिलाड़ी कंवर दिग्विजय सिंह उर्फ राणा बलाचौरिया की हत्या की साजिश में शामिल था। मुठभेड़ के दौरान गैंगस्टर की ओर से की गई फायरिंग में दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हत्या की साजिश में अहम भूमिका
पुलिस के मुताबिक, हरपिंदर सिंह सीधे तौर पर शूटर नहीं था, लेकिन वह ग्राउंड लेवल पर पूरे ऑपरेशन को सपोर्ट कर रहा था। शूटरों की मूवमेंट, हथियार और लॉजिस्टिक सपोर्ट की जिम्मेदारी उसी के पास थी। 15 दिसंबर को कबड्डी खिलाड़ी दिग्विजय सिंह राणा की हत्या हुई थी, जिसके बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। पूछताछ में सामने आया कि हरपिंदर पांच से छह पुरानी आपराधिक वारदातों में भी शामिल रहा है और गैंग के लिए भरोसेमंद कड़ी माना जाता था।
ये भी पढ़ें : Insurance Sector में 100% FDI की एंट्री, आपकी पॉलिसी पर क्या बदलेगा खेल?
अब तक दो आरोपी गिरफ्तार
एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस ने बताया कि इस हत्याकांड में अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पहला आरोपी एशदीप सिंह है, जिसे दिल्ली एयरपोर्ट से पकड़ा गया। दूसरा आरोपी जुगराज सिंह है, जिसे अमृतसर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, एशदीप सिंह इस पूरे मर्डर प्लान का मास्टरमाइंड था और वह डोनी बल गैंग का हैंडलर और को-ऑर्डिनेटर था। वह वारदात के बाद देश से बाहर भागने की फिराक में था, लेकिन समय रहते पुलिस ने उसे दबोच लिया।
विदेश कनेक्शन और आगे की जांच
पुलिस जांच में सामने आया है कि एशदीप सिंह 25 नवंबर को रूस से भारत लौटा था और पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। उसने 14 दिसंबर को टिकट बुक करवाई थी और हत्या के अगले दिन दिल्ली पहुंच गया था, जहां से उसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में पता चला कि इस पूरी वारदात में पांच से छह लोग शामिल थे, जिनमें दो एक्टिव शूटर और बाकी सपोर्ट करने वाले आरोपी थे। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल बाइक और एक वाहन भी बरामद कर लिया है। एनकाउंटर के बाद पुलिस का कहना है कि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है और केस को पूरी तरह सुलझाने के लिए छानबीन तेज कर दी गई है।