Kajari Teej 2026 Date: हिंदू धर्म में कजरी तीज का व्रत सुहागिन महिलाओं के लिए बेहद खास माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन महिलाएं अपने पति की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना से निर्जला या फलाहार व्रत रखती हैं। कजरी तीज को कई जगहों पर कजली तीज और सातुड़ी तीज के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन भगवान शिव और माता पार्वती की विधि-विधान से पूजा करने का विधान है। आइए जानते हैं साल 2026 में कजरी तीज कब मनाई जाएगी और पूजा का शुभ समय क्या रहेगा।
कब है कजरी तीज 2026?
पंचांग के अनुसार, कजरी तीज का व्रत हर साल भाद्रपद माह के कृष्ण पक्ष की तृतीया तिथि को रखा जाता है। साल 2026 में यह तिथि 30 अगस्त की सुबह 9 बजकर 36 मिनट से शुरू होगी और इसका समापन 31 अगस्त की सुबह 8 बजकर 50 मिनट पर होगा। उदयातिथि के आधार पर कजरी तीज का व्रत 31 अगस्त 2026, सोमवार को रखा जाएगा। इस दिन महिलाएं पूरे श्रद्धाभाव से व्रत रखकर भगवान शिव और माता पार्वती की आराधना करेंगी।
कजरी तीज पूजा का शुभ मुहूर्त
कजरी तीज की पूजा के लिए दिन में अभिजीत मुहूर्त और शाम के समय प्रदोष काल को शुभ माना जाता है। साल 2026 में 31 अगस्त को अभिजीत मुहूर्त दोपहर 11 बजकर 56 मिनट से लेकर 12 बजकर 47 मिनट तक रहेगा। इसके अलावा सूर्यास्त के बाद आने वाला प्रदोष काल भी पूजा के लिए उत्तम माना जाता है। इस दौरान श्रद्धा के साथ पूजा करने से शुभ फल मिलने की मान्यता है।
कजरी तीज पर ऐसे करें पूजा
कजरी तीज के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और साफ कपड़े पहनकर व्रत का संकल्प लें। इसके बाद पूजा स्थान की साफ-सफाई कर भगवान शिव और माता पार्वती की प्रतिमा स्थापित करें। दीपक और धूप जलाकर भगवान का ध्यान करें। पूजा के दौरान माता पार्वती को सुहाग की सामग्री जैसे मेहंदी, सिंदूर, चूड़ी, काजल और अन्य श्रृंगार सामग्री अर्पित करें। इसके साथ ही भगवान को रोली, अक्षत, पुष्प और फल-मिठाई का भोग लगाएं। शिव-पार्वती की आरती करने के बाद व्रत कथा सुनना भी शुभ माना जाता है।
कजरी तीज का धार्मिक महत्व
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कजरी तीज का व्रत करने से दांपत्य जीवन में प्रेम और खुशहाली बनी रहती है। महिलाएं अपने पति की दीर्घायु और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए यह व्रत करती हैं। माना जाता है कि माता पार्वती और भगवान शिव की पूजा करने से वैवाहिक जीवन में आने वाली परेशानियां दूर होती हैं और जीवन में सुख-शांति आती है।