Kaju Pista Peda : त्योहार हो या घर में कोई खास मौका, मिठाई के बिना सेलिब्रेशन अधूरा सा लगता है. अगर आप भी बाजार से मिठाई लाने के बजाय घर पर कुछ खास बनाना चाहते हैं, तो काजू-पिस्ता पेड़ा एक बेहतरीन विकल्प है। इसका स्वाद रिच होता है और इसे तैयार करना भी काफी आसान है.
कम सामान में तैयार होगी मिठाई
इस पेड़े के लिए आपको काजू, पिस्ता, मिल्क पाउडर, मिश्री या पिसी चीनी, इलायची और थोड़ा दूध चाहिए। पेड़ों को आकार देने के लिए हाथों पर थोड़ा घी लगाया जा सकता है. इन सामान्य चीजों से घर पर स्वादिष्ट मिठाई तैयार हो जाती है.
ऐसे तैयार करें काजू का मिश्रण
सबसे पहले काजू को मिक्सर में हल्का-हल्का पीसकर बारीक पाउडर बना लें. काजू को लगातार पीसने के बजाय पल्स मोड में पीसना बेहतर रहेगा, ताकि उससे ज्यादा तेल न निकले। अब इसमें मिल्क पाउडर, मिश्री पाउडर और इलायची मिलाएं। धीरे-धीरे दूध डालते हुए नरम आटे जैसा मिश्रण तैयार करें.
पिस्ते की दें खास फिलिंग
पिस्ते को बारीक पीसकर मिश्रण के एक हिस्से में मिला दें. जरूरत के अनुसार थोड़ा दूध डालकर इसे भी मुलायम कर लें। अब पिस्ते के मिश्रण की छोटी-छोटी गोलियां बना लें.
पेड़े को दें बाजार जैसा आकार
काजू के मिश्रण की छोटी लोई लें और उसके बीच पिस्ते की गोली रखकर चारों तरफ से बंद कर दें. हाथों से हल्का दबाते हुए गोल और चिकना पेड़ा तैयार करें। इसी तरह बाकी पेड़े भी बना लें.
10 मिनट में हो जाएंगे सेट
तैयार पेड़ों को करीब 10 मिनट के लिए आराम दें। इसके बाद ऊपर से पिस्ते की कतरन या केसर से सजाएं। चाहें तो त्योहार के खास मौके पर चांदी का वर्क भी लगाया जा सकता है.
स्वाद ऐसा कि बार-बार खाने का मन करे
काजू की मलाईदार मिठास और पिस्ते का स्वाद इस पेड़े को खास बनाता है. घर पर तैयार होने के कारण आप मिठास भी अपनी पसंद के अनुसार रख सकते हैं. मेहमानों के सामने परोसेंगे तो यकीनन इसकी तारीफ सुनने को मिलेगी.