
1 crore missing from Red Fort: दिल्ली के लाल किला परिसर में चल रहे जैन समुदाय के धार्मिक अनुष्ठान से एक करोड़ रुपये की कीमत का कीमती कलश चोरी हो गया। यह कलश पूरी तरह सोने का बना था और उस पर हीरे, माणिक्य और पन्ने जड़े थे। इसका वजन करीब 760 ग्राम और कीमत लगभग एक करोड़ रुपये आंकी गई है। कारोबारी सुधीर जैन रोजाना पूजा के लिए इसे लाते थे, लेकिन मंगलवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के स्वागत समारोह की भीड़ और अफरातफरी के बीच यह कलश मंच से अचानक गायब हो गया। घटना के बाद पूरे आयोजन स्थल में हड़कंप मच गया।
CCTV में संदिग्ध की करतूत
पुलिस जांच में सामने आए सीसीटीवी फुटेज ने साफ कर दिया है कि यह चोरी योजनाबद्ध तरीके से की गई थी। वीडियो में सफेद धोती-कुर्ता पहने एक शख्स कमरे में चुपके से घुसता दिखाई देता है। उसने मौका पाकर कलश को एक थैले में रखा और भीड़ में घुलते-मिलते आसानी से बाहर निकल गया। पुलिस का कहना है कि यह व्यक्ति कई दिनों से अनुष्ठान स्थल के आसपास देखा जा रहा था और धोती-कुर्ता पहनकर आम श्रद्धालुओं की तरह शामिल हो रहा था। इस वजह से किसी को उस पर शक नहीं हुआ।
लाखों के गहनों से सजा था कलश
चोरी हुआ कलश न केवल सोने का बना था, बल्कि उस पर लगभग 150 ग्राम हीरे और कीमती रत्न जड़े थे। रिपोर्ट के अनुसार, चोर को इसकी वास्तविक कीमत और धार्मिक महत्व की जानकारी पहले से थी। पुलिस का मानना है कि यह किसी जानकार की करतूत हो सकती है, जो मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। मामले की शिकायत दर्ज कर ली गई है और आरोपित की पहचान भी कर ली गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संदिग्ध को जल्द गिरफ्तार कर कीमती कलश बरामद कर लिया जाएगा।