Kanika Mann Ex Boyfriend : टीवी एक्ट्रेस कनिका मान इन दिनों अपने काम के साथ-साथ निजी जिंदगी को लेकर भी चर्चा में हैं। बिग बॉस 20 में कनिका ने अपनी जिंदगी का एक ऐसा किस्सा शेयर किया, जिसे सुनकर घर के दूसरे सदस्य भी हैरान रह गए। एक्ट्रेस ने अपने पहले रिश्ते के बारे में बात करते हुए बताया कि जिस रिश्ते की शुरुआत प्यार से हुई थी, वही आगे चलकर उनके लिए डर और परेशानी की वजह बन गया। कनिका की इस कहानी ने रिश्तों में होने वाली हिंसा को लेकर एक बार फिर चर्चा शुरू कर दी है।
कॉलेज के दिनों में हुई थी पहली मोहब्बत
कनिका ने बताया कि 12वीं तक उनका कोई बॉयफ्रेंड नहीं था। कॉलेज की पढ़ाई के लिए जब वह चंडीगढ़ गईं, तो वहां का माहौल उनके लिए नया था। इसी दौरान उन्होंने फेसबुक पर अपना अकाउंट बनाया और एक लड़के से उनकी बातचीत शुरू हुई। धीरे-धीरे दोनों रिलेशनशिप में आ गए। हालांकि, कुछ समय बाद ही कनिका को समझ आने लगा कि यह रिश्ता उनके लिए अच्छा नहीं है। जिस लड़के को वह पसंद करती थीं, उसका व्यवहार धीरे-धीरे बदलने लगा था।
कपड़ों को लेकर कर दिया था थप्पड़ से हमला
कनिका ने बताया कि उनका एक्स बॉयफ्रेंड बिना बताए उनकी क्लास में आ जाता था। एक बार कपड़े पहनने को लेकर उसने कॉलेज के कॉरिडोर में सबके सामने उन्हें थप्पड़ मार दिया। उस समय कनिका के कान में नई पियर्सिंग हुई थी और थप्पड़ लगने के बाद वहां से खून निकलने लगा। एक्ट्रेस ने यह भी बताया कि वह उनका फोन छीनकर फेंक देता था और हॉस्टल के कमरे की चाबियां तक फेंक चुका था। इन घटनाओं ने कनिका को अंदर तक डरा दिया था।
चाकू लेकर पहुंचा एक्स बॉयफ्रेंड
कनिका के मुताबिक, उनका एक्स बॉयफ्रेंड उन्हें भावनात्मक रूप से भी परेशान करता था और पिता को रिश्ते के बारे में बताने की धमकी देता था। एक दिन वह हॉस्टल से कॉलेज के विभाग तक उनका पीछा करता हुआ पहुंच गया। कनिका ने बताया कि उसने उनका हाथ पकड़कर खींचा और चाकू निकालकर अपने ही हाथ पर गहरे घाव कर लिए। इसके बाद उसने खून से सिंदूर लगाने की बात कही। इस घटना से कनिका को डर लगा कि कहीं वह उन्हें भी नुकसान न पहुंचा दे।
इसे भी पढ़ें : हाथ बना लिया पूरा शरीर, हीदी क्लम के डरावने हैलोवीन लुक ने खींचा सबका ध्यान
पुलिस की मदद से खत्म किया रिश्ता
कनिका ने बताया कि उस समय उन्होंने वहां से गुजर रहे एक जानकार से पुलिस बुलाने को कहा। पुलिस मौके पर पहुंची और उनके एक्स बॉयफ्रेंड को अपने साथ ले गई। एक्ट्रेस के मुताबिक, वह दो से तीन दिन जेल में रहा, लेकिन इसके बाद भी उसके परिवार और रिश्तेदारों की तरफ से उन्हें शिकायत वापस लेने के लिए धमकियां मिलीं। कनिका ने बताया कि शुरुआत में वह परिवार को सब कुछ बताने से डर रही थीं, लेकिन बाद में उन्हें घरवालों का साथ मिला। उनकी कहानी बताती है कि प्यार के नाम पर हिंसा, डराना और किसी की मर्जी को दबाना बिल्कुल सही नहीं है।