भारी बारिश के चलते कानपुर के चौबेपुर थाना क्षेत्र के मरियानी गांव के पास रेलवे ट्रैक नीचे धंस गया, लेकिन समय रहते पता चलने और चालक की सूझबूझ से चलती कालिंदी एक्सप्रेस को तुरंत ब्रेक लगाकर रोक दिया गया, जिससे एक बड़ा रेल हादसा टल गया. करीब 35 मिनट तक ट्रेन वहीं रुकी रही. इस दौरान यात्रियों में खलबली मच गई लेकिन रेलवे कर्मचारियों की सावधानी से स्थिति शांत हुई. मरम्मत का काम पूरा होते ही ट्रैक को दुरुस्त कर ट्रेन को फिर से रवाना किया गया. इस घटना ने रेल प्रशासन की सतर्कता और तत्परता को उजागर किया।
चालक की सूझबूझ से ट्रेन रुकी
काफी बारिश होने की वजह से कानपुर के चौबेपुर थाने के मरियानी गांव के अंडरपास के पास रेलवे ट्रैक नीचे धंस गया. कालिंदी एक्सप्रेस फर्रुखाबाद से कानपुर की ओर आ रही थी, तभी जब ट्रैक धंसने से झटका लगा तो लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया.
यात्रियों में मची अफरा-तफरी
सुबह लगभग 9:15 बजे ट्रेन रुकते ही यात्रियों में डर फैल गया. कई लोग डर के मारे ट्रेन से उतरकर आसपास के वाहनों से चले गए, लेकिन रेलवे कर्मचारियों की सतर्कता ने स्थिति संभाली.
बता दें कि रेलवे की टीम तेजी से ट्रैक की मरम्मत में जुट गई. लगभग 35–45 मिनट तक ट्रेन वहीं रुकी रही, फिर ट्रैक ठीक होने पर इसे फिर से चलाया गया. अगर समय रहते ट्रैक जांच कर ट्रेन रोकी नहीं जाती, तो बड़ा रेल हादसा हो सकता था. रेलवे प्रशासन के सतर्क रवैये ने तमाम यात्रियों की जान बचाई है.