
कानपुर देहात में एक मां ने ना केवल रिश्ते बल्कि इंसानियत को भी कलंकित कर दिया. मां ने 1 करोड़ 60 लाख का बीमा क्लेम और प्रेमी से अवैध संबंधों के लिए अपने ही बेटे को मौत के घाट उतरवा दिया. वहीं ये पूरा मामला बरौर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है. इस वारदात में महिला का उसके प्रेमी और भाई ने साथ दिया.
मां के अवैध संबंधों को लेकर नाराज था प्रदीप
दरअसल बरौर थाना क्षेत्र के अंगदपुर गांव निवासी 25 साल के प्रदीप सिंह पिछले कुछ महीनों से अपनी मां ममता सिंह से नाराज चल रहा था. इस नाराजगी की वजह ये थी कि पिता की मौत के बाद मयंक कटियार नाम के शख्स का उसके घर पर आना-जाना शुरू हो गया था. इस दौरान उसकी मां का मयंक से प्रेम संबंध स्थापित हो गया. मगर प्रदीप को यह रिश्ता मंजूर नहीं था. इसी बात को लेकर उसका अपनी मां से अक्सर झगड़ा भी हो जाया करता था.
प्रेमी और भाई ने हत्या को सड़क हादसे की दी शक्ल
वहीं इन सबके बीच ममता ने दो साल के अंदर अपने बेटे प्रदीप के नाम 31 लाख रुपये की चार बीमा पॉलिसियां कराईं. आरोप लगाया जा रहा है कि इसी बीमे की रकम के लिए ममता ने प्रेमी मयंक और उसके भाई ऋषि के साथ मिलकर बेटे की हत्या की साजिश रच डाली. इस वारदात को अंजाम देने के लिए दिवाली से एक दिन पहले ममता ने बेटे को घर पर बुलाया और कहा कि “आओ बेटा, घर चलो, खाना खा लेना." मां के बुलाने पर प्रदीप जब घर पहुंचा तो वहां पर मयंक और उसका भाई ऋषि भी मौजूद था. इसके बाद दोनों प्रदीप को बाइक पर लेकर निकले और रास्ते में ही हथौड़ी से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी. आरोपियों ने प्रदीप की हत्या करने के बाद शव को इटावा-कानपुर हाईवे किनारे फेंक कर सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश की.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद जांच में तेजी
वहीं जब प्रदीप का शव बरामद किया गया तो उसके सिर और शरीर पर गहरे घाव थे. जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई तो पता चला कि प्रदीप के सिर पर भारी हथियार से वार किया गया था. इसके बाद पुलिस ने हत्या के एंगल को लेकर तहकीकात शुरू की. इस दौरान मोबाइल सर्विलांस का भी इस्तेमाल किया गया. जिससे पता चला कि घटना वाले दिन मां ममता और मयंक की लोकेशन भी घटनास्थल के पास पाई गई.
पुलिस की गिरफ्त में सभी आरोपी
पुलिस ने हत्या के इस मामले का खुलासा करते हुए कहा कि ममता ने बीमा क्लेम और प्रेमी के साथ रहने की लालच में बेटे की हत्या की साजिश रची थी. आरोपी मयंक और उसका भाई ऋषि कटियार पुलिस मुठभेड़ में पकड़ लिए गए है. ऋषि के पैर में गोली लगी है. साथ ही पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल हथौड़ी, तमंचा और कार भी बरामद कर ली है. इसके अलावा हत्यारी मां ममता भी गिरफ्तार की जा चुकी है.
ग्रामीणों ने पुलिस पर लगाया अनदेखी का आरोप
इस मामले को लेकर ग्रामीणों का कहना है कि अगर पहले से मां-बेटे के झगड़े को गंभीरता से ले लिया गया होता, तो शायद आज प्रदीप जिंदा होता. इसको लेकर पुलिस को कई बार शिकायत दी गई थी कि ममता अपने प्रेमी संग झगड़े के दौरान बेटे को धमकाती थी लेकिन किसी ने भी ध्यान नहीं दिया. पड़ोसियों के अनुसार जिस मां की ममता पर पूरी दुनिया भरोसा करती है, उसने ही अपने बेटे को धोखा दे दिया.” बीमा की रकम के लिए मां ने बेटे की जान ले ली. इस घटना से पूरा क्षेत्र सन्न रह गया है.
इसे भी पढ़ें : Mumbai में ऑडिशन के लिए बुलाया, फिर बंधक बनाया, आरोपी रोहित को पुलिस ने ऐसे दबोचा !
इंश्योरेंस की रकम के लालच में की वारदात- एसपी
इस मामले पर एसपी कानपुर देहात का कहना है कि मृतक के नाम से 4 , 6 , 8 और 15 लाख की 4 बीमा पॉलिसी पिछले 2 साल में उसकी मां की ओर से कराई गईं थीं. जबकि कुछ पॉलिसी तो ऐसी भी है जो एक्सीडेंट में डबल क्लेम होंगी. ऐसे में इंश्योरेंस की रकम के लालच में मां ने प्रेमी और उसके भाई के साथ मिलकर अपने ही बेटे को मौत के घाट उतरवा दिया.