केंद्र से लेकर राज्य सरकारों तक की तरफ से बेटियों के लिए कई योजनाएं चलाई जाती है. इन योजनाओं में बेटियों की सुरक्षा से लेकर पढ़ाई तक के लिए चलाई जाने वाली योजनाएं शामिल हैं. इन योजनाओं का उद्देश्य होता है कि किसी भी बेटी के भविष्य में उनके परिवार की आर्थिक स्थिति आडे ना आए.
इन्हीं योजनाओं में से एक योजना है उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही कन्या सुमंगला योजना. ये योजना उस परिवार के लिए सहारा बनती है जहां पर बेटी की पढ़ाई का खर्च उठाना मुश्किल हो जाता है. इस योजना के तहत सरकार बेटी के जन्म से लेकर कॉलेज तक के हर पड़ाव पर आर्थिक मदद प्रदान करती है.
जन्म से लेकर कॉलेज में दाखिले तक चलती है योजना
यूपी सरकार द्वारा चलाई जा रही कन्या सुमंगला योजना की सबसे अच्छी बात ये है कि इसका पूरा पैसा सीधे बैंक खाते में भेजा जाता है. कन्या सुमंगला योजना का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि बेटी का सफर बीच में ना रुके. 6 अलग-अलग चरणों में मिलने वाली ये मदद बेटी के जन्म से शुरू होती है और तब तक मिलती रहती है. जब वह 12वीं के बाद किसी कॉलेज या डिप्लोमा कोर्स में दाखिला ले लेती है.
ये भी पढ़ें : डूबती अर्थव्यवस्था को IMF का सहारा, अब क्या PIA बिकेगा और बढ़ेंगे टैक्स?
योजना में अब सरकार देती है 25 हजार रुपये
इस योजना में पहले 15000 रुपये मिलते थे लेकिन अब इसे बढ़ाकर 25000 रुपये कर दिया गया है. इसके तहत बेटियों को जन्म पर 5000 रुपये, एक साल की उम्र में टीकाकरण पूरा होने के बाद 2000 रुपये, पहली क्लास में 3000 रुपये, छठी में फिर 3000 रुपये, नौवीं कक्षा में 5000 रुपये और आखिर में 12वीं के बाद किसी कॉलेज या डिप्लोमा में एडमिशन पर 7000 रुपये दिए जाते हैं.
3 लाख रुपये से कम सालाना आय वाले परिवारों को लाभ
इस तरह से एक बेटी को कुल 25000 रुपये की सहायता मिलती है. जिसको पढ़ाई या भविष्य की तैयारी में लगाया जा सकता है. इस योजना का लाभ भी हर किसी को नहीं मिलता है. यह सहायता सिर्फ उत्तर प्रदेश की उन बेटियों को दी है जिनके परिवार की सालाना आय 3 लाख रुपये से कम है.
एक परिवार की दो बेटियां बन सकती हैं योजना का हिस्सा
एक परिवार की दो बेटियां इस योजना में शामिल हो सकती हैं और अगर पहले से एक बेटी है और बाद में जुड़वा बेटियां जन्म लेती हैं तो तीनों को इसका लाभ मिलेगा. गोद ली गई बेटियां भी इसके दायरे में आती हैं. रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया आसान है और ऑनलाइन-ऑफलाइन दोनों तरीके उपलब्ध हैं.
इस योजना में ऑनलाइन माध्यम से आवेदन करने के लिए आधिकारिक साइट mksy.up.gov.in पर जा कर नया अकाउंट बनाना होता है. इसके बाद मांगी गई जरूरी जानकारी भरनी होती है और दस्तावेज अपलोड करने होते हैं. आवेदन सबमिट होने के बाद सरकार तय चरणों के अनुसार किस्तें लाभार्थी के खाते में भेजती रहती है.