
कर्नाटक में बेलगावी में उर्स जुलूस के दौरान बवाल का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि खड़क गली में मौजूद महबूब सुब्हानी दरगाह के उर्स जुलूस के दौरान ये बवाल हुआ. इस बवाल के दौरान नारों को लेकर हुए विवाद के बाद पथराव शुरू हो गया, जिससे कि इलाके में तनाव फैल गया है. पुलिस सूत्रों की मानें तो शनिवार को यह जानकारी दी गई. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात जुलूस में शामिल कुछ युवकों ने 'आई लव मुहम्मद' का नारा लगा दिया, जिसके बाद विवाद खड़ा हो गया. फिलहाल शांति को कायम रखने के लिए संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात कर दिए गए हैं.
जुलूस का मार्ग बदले जाने पर लोगों ने जताई आपत्ति
बता दें कि आमतौर पर खड़क गली से जुलूस नहीं निकाला जाता है. मगर शुक्रवार को इस गली से जुलूस निकाला गया, जिसमें 'आई लव मुहम्मद' का नारा लगाया गया. जिसको लेकर वहां के निवासियों ने अपनी आपत्ति जाहिर की और सवाल किया कि जुलूस का मार्ग क्यों बदला गया. वहीं इस नारे को लेकर आपत्ति जताए जाने के बाद तनाव बढ़ गया और पथराव की खबरें सामने आने लगीं. जिसके बाद पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को काबू किया जा सका. सीनियर पुलिस अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि 'हमने तुरंत हस्तक्षेप किया और मामला गंभीर होने से पहले ही समूहों को तितर-बितर कर दिया गया था. फिलहाल स्थिति अब नियंत्रण में है.'
इसे भी पढ़ें : आप भी बनना चाहते हैं करोड़पति तो Post Office की इस स्कीम में लगाएं पैसा, चमक जाएगी किस्मत !
'आई लव मोहम्मद' को लेकर मेरठ में भी हुआ था विवाद
पिछले कुछ दिनों से 'आई लव मोहम्मद' को लेकर विवाद चला आ रहा है. पहले यूपी के मेरठ के मवाना कस्बे में लगे एक पोस्टर को लेकर हंगामा खड़ा हो गया था. इस मामले में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस के मुताबिक कस्बे के मुख्य चौराहों पर शुक्रवार देर रात पोस्टर लगाया गया था, जिस पर अंग्रेजी में 'आई लव मोहम्मद' लिखा था. शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने इसे देखकर आपत्ति जाहिर की और विरोध दर्ज कराया. जब इस मामले ने तूल पकड़ा तो प्रशासन और पुलिस सक्रिय हो गई. जिसके बाद मवाना की थाना प्रभारी पूनम का कहना था कि पोस्टर लगाने के आरोप में चौकी प्रभारी मनोज शर्मा की तहरीर पर 5 लोगों इदरीस, तस्लीम, रिहान, गुलफाम और हारून के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. इसके साथ ही सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।