H1N1 Alert: देशभर में स्वाइन फ्लू (H1N1) का खतरा लगातार बढ़ रहा है। दिल्ली-एनसीआर में स्वाइन फ्लू के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। वहीं दूसरे राज्यों में स्वाइन फ्लू के संक्रमण को रोकने के लिए एहतियातन कदम उठाए जा रहे हैं। इस बीच कर्नाटक सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को घबराने के बजाय सावधानी बरतने की सलाह देते हुए एक हेल्थ एडवाइजरी जारी की है।
स्वाइन फ्लू के 4,212 मामले दर्ज
आंकड़ों के मुताबिक कर्नाटक में 22 अगस्त 2026 तक स्वाइन फ्लू के 4,212 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। जबकि 2025 में इनकी संख्या 4,583 और 2024 में 3,903 थी। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों और निजी डॉक्टरों को जांच, टेस्ट और इलाज के लिए सरकारी प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है। साथ ही अस्पतालों में पीपीई किट, N95 मास्क और ओसेल्टमिविर जैसी दवाओं की पर्याप्त सप्लाई रखने को कहा है। निजी डॉक्टर और अस्पतालों को भी सरकार की एडवाइजरी को फॉलो करना जरूरी होगा।
स्वाइन फ्लू के लक्षण
आपको बता दें कि स्वाइन फ्लू की शुरुआत अचानक होती है। H1N1 होने पर अचानक तेज बुखार और ठंड लगना, सूखी खांसी, गले में खराश, सिर दर्द, शरीर में तेज दर्द, बहुत ज्यादा थकान महसूस होती है। इसके अलावा गंभीर स्थिति में सांस लेने में तकलीफ और ऑक्सीजन लेवल गिरने जैसी समस्याएं भी हो सकती है।
बचाव के उपाय
खांसते ये छींकते समय मुंह और नाक को रुमाल या टिशू से ढकें
हाथों को बार-बार साबुन और पानी से अच्छी तरह धोएं
शरीर को हाइड्रेटेट रखने के लिए खूब पानी और तरल पदार्थ पीएं
जिस व्यक्ति में लक्षण दिखें, उससे सुरक्षित दूरी बनाकर रखें
यह भी पढ़ें: UTI Symptoms: कहीं आप भी तो नहीं रोकते हैं यूरिन? हो सकती हैं ये 3 गंभीर बीमारियां, जानें कब जरूरी है डॉक्टर की सलाह
H1N1 स्वाइन फ्लू में क्या न करें
अपनी आंखों, नाक और मुंह को छूने से बचें
बिना डॉक्टर की सलाह के दवा न लें
अगर शरीर में लक्षण हैं तो हाथ न मिलाएं
संक्रमित होने पर भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें
इस्तेमाल किए गए रुमाल/नेपकिन का दोबारा इस्तेमाल करने से बचें