
जिस खिलाड़ी को कभी टीम इंडिया से दूध में से मक्खी की तरह निकाल दिया गया था, वही अब रणजी ट्रॉफी में ऐसा कमाल कर रहा है कि क्रिकेट जगत फिर से उसकी ओर देखने को मजबूर हो गया है. ये हैरानी की बात नहीं सच है, क्योंकि करुण नायर वही बल्लेबाज हैं जिन्होंने एक बार भारत के लिए तिहरा शतक जमाकर सुर्खियां बटोरी थीं, और अब रणजी ट्रॉफी 2025-26 में लगातार अपने बल्ले से तूफान मचा रहे हैं. केरल के खिलाफ उन्होंने एक और शानदार शतक ठोककर सबको चौंका दिया. तिरुवनंतपुरम के मैदान पर करुण ने 160 गेंदों में 10 चौके और 2 छक्कों की मदद से 100 रन पूरे किए, जिससे कर्नाटक की पारी संभल गई.
फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 9,000 रन पूरे
करुण नायर के लिए ये सिर्फ एक शतक नहीं, बल्कि क्रिकेट करियर का पुनर्जन्म साबित हुआ. इस पारी के साथ ही उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 9,000 रन पूरे किए ऐसा करने वाले वो कर्नाटक के छठे खिलाड़ी बन गए. उनसे पहले राहुल द्रविड़, गुंडप्पा विश्वनाथ, बृजेश पटेल, सैयद किरमानी और रॉबिन उथप्पा जैसे दिग्गज ये उपलब्धि हासिल कर चुके थे।. मौजूदा रणजी सीजन में करुण का बल्ला आग उगल रहा है उन्होंने गोवा के खिलाफ 174 नाबाद रन बनाए थे और सौराष्ट्र के खिलाफ भी 73 की पारी खेली थी. अब केरल के खिलाफ एक और शतक जड़कर उन्होंने साबित कर दिया है कि फॉर्म में लौटने का मतलब क्या होता है.
टेस्ट सीरीज से बाहर किया गया
केरल के खिलाफ मुकाबले में कर्नाटक की शुरुआत बेहद खराब रही थी. टीम का स्कोर सिर्फ 13/2 था. तभी करुण नायर मैदान में आए और टीम को डूबते हुए जहाज से बाहर निकाला. पहले कृष्णन श्रीजीत (65 रन) के साथ 123 रन की साझेदारी की, फिर स्मरण रविचंद्रन (88 रन) के साथ चौथे विकेट के लिए साझेदारी करते हुए टीम को 300 के पार पहुंचा दिया. पहले दिन का खेल खत्म होने तक कर्नाटक का स्कोर 319/3 था, जिसमें करुण 142 रन पर नाबाद डटे रहे. ये वही खिलाड़ी हैं जिन्हें टीम इंडिया ने कुछ महीने पहले वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बाहर कर दिया था, लेकिन उन्होंने बल्ले से ऐसा जवाब दिया कि अब फिर से सेलेक्टरों को सोचने पर मजबूर होना पड़ेगा.
साउथ अफ्रीका के खिलाफ मिलेगा मौका ?
करुण नायर ने हाल ही में इंग्लैंड दौरे पर वापसी की थी, लेकिन वहां वे उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए सिर्फ एक अर्धशतक के साथ 205 रन बना पाए थे. इसके बाद उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया। मगर अब उन्होंने अपनी फॉर्म और फिटनेस दोनों से सबका मुंह बंद कर दिया है. लगातार दूसरा शतक और 9 हजार रन का माइलस्टोन बताता है कि करुण नायर का दूसरा इनिंग शुरू हो चुका है. अब सबकी निगाहें साउथ अफ्रीका के खिलाफ 14 नवंबर से शुरू हो रही टेस्ट सीरीज पर हैं क्योंकि अगर टीम इंडिया को कोई भरोसेमंद मिडिल ऑर्डर चाहिए, तो करुण नायर नाम फिर से उस सूची में सबसे ऊपर लिखा जा रहा है.