Karwa Chauth Thali Decoration : करवाचौथ का त्योहार आते ही महिलाएं अपने व्रत और पूजा की तैयारियों में जुट जाती हैं. इस दिन पूजा की थाली का भी खास महत्व होता है. बाजार से महंगी सजी-सजाई थाली खरीदने के बजाय आप घर पर मौजूद सामान की मदद से इसे खूबसूरत बना सकती हैं। थोड़ी सी क्रिएटिविटी और कम खर्च में तैयार की गई थाली पूजा के समय बेहद आकर्षक नजर आएगी.
रंगीन कागज से दें नया लुक
थाली सजाने के लिए सबसे पहले कोई पुरानी स्टील या पीतल की थाली ले लें। इसके किनारों को सजाने के लिए लाल, गुलाबी या गोल्डन रंग के पेपर का इस्तेमाल किया जा सकता है। पेपर से छोटे फूल या पत्तियां काटकर थाली के बॉर्डर पर चिपका दें. इससे साधारण थाली भी खूबसूरत दिखाई देने लगेगी.
गोटा-पट्टी से सजाएं किनारे
अगर घर में पुरानी गोटा-पट्टी, लेस या रिबन रखा है तो उसका इस्तेमाल भी कर सकती हैं. इसे थाली के चारों तरफ सावधानी से चिपका दें। गोल्डन गोटा लाल या मैरून बेस के साथ खासतौर पर अच्छा लगता है और थाली को फेस्टिव लुक देता है.
रोली-चावल से बनाएं डिजाइन
थाली को सजाने के लिए अलग से सजावटी सामान खरीदना जरूरी नहीं है. रोली और चावल की मदद से बीच में छोटा सा स्वस्तिक, ओम या फूल का डिजाइन बनाया जा सकता है। इसके आसपास फूलों की पंखुड़ियां रखकर सजावट को और सुंदर बनाया जा सकता है.
फूलों से बढ़ाएं खूबसूरती
करवाचौथ की थाली में ताजे फूलों का इस्तेमाल भी किया जा सकता है. गुलाब, गेंदे या घर में उपलब्ध किसी भी फूल की पंखुड़ियों को थाली के चारों ओर रखें। अगर ताजे फूल उपलब्ध नहीं हैं, तो आर्टिफिशियल फूलों से भी थाली को सजाया जा सकता है.
छलनी और करवे को भी करें मैच
पूजा की थाली के साथ करवा और छलनी भी लुक का हिस्सा होते हैं. करवे पर छोटी सी लेस, रिबन या फूल लगाकर उसे थाली से मैच किया जा सकता है। इस तरह बिना ज्यादा पैसे खर्च किए पूरी पूजा की सजावट एक जैसी और खूबसूरत नजर आएगी.
कम खर्च में दिखेगी खास
करवाचौथ की थाली सजाने के लिए महंगे सामान की जरूरत नहीं होती. घर में मौजूद पेपर, लेस, फूल, रोली और चावल जैसी चीजों से भी सुंदर सजावट की जा सकती है। सबसे खास बात यह है कि अपने हाथों से सजाई गई पूजा की थाली त्योहार की तैयारियों में एक अलग ही खूबसूरती जोड़ देती है.