
उधमसिंह नगर जिले के काशीपुर में रविवार रात बड़ा हंगामा हो गया। शहर के अल्ली खां इलाके में रात लगभग 10 बजे कुछ लोग अचानक सड़क पर जुलूस निकालने लगे। बताया जा रहा है कि भीड़ 'आई लव मोहम्मद' के नारे लगा रही थी। इस जुलूस की प्रशासन से कोई अनुमति नहीं ली गई थी।
डायल 112 पर मिली शिकायत
जुलूस की जानकारी किसी ने पुलिस को डायल 112 के जरिए दी। सूचना मिलते ही 112 पर तैनात दो पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जब जुलूस को रोकने की कोशिश की तो हालात बिगड़ गए।
पुलिसकर्मियों से हाथापाई
जुलूस में शामिल कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों से उलझना शुरू कर दिया। देखते ही देखते भीड़ ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट कर दी। इस बीच पुलिस की 112 गाड़ी पर भी पथराव किया गया, जिससे गाड़ी के शीशे चकनाचूर हो गए।
गाड़ी बैक गियर में निकालकर बचाई जान
हालात इतने बिगड़ गए कि मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों को अपनी जान बचाने के लिए गाड़ी को बैक गियर में डालकर वहां से भागना पड़ा। इस दौरान पुलिसकर्मी भी भीड़ से बड़ी मुश्किल से निकलपाए।
एएसपी फोर्स के साथ पहुंचे
घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी अभय प्रताप सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने इलाके में सर्च अभियान चलाया और लगभग आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया।
अराजकता बर्दाश्त नहीं होगी
एएसपी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि मौके से तथ्य और सबूत जुटाए जा रहे हैं। उन्होंने साफ कहा कि अराजकता किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इलाके में तनाव, बढ़ाई गई निगरानी
इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस लगातार गश्त कर रही है ताकि हालात पूरी तरह नियंत्रण में रहें।