Kathiyawadi Khichu Recipe : अगर लंच या डिनर में रोज की दाल, चावल और सब्जी खाकर बोर हो गए हैं, तो इस बार कुछ अलग ट्राई कर सकते हैं। गुजरात की मशहूर काठियावाड़ी डिश खीचू स्वाद में चटपटी होने के साथ पेट के लिए भी हल्की मानी जाती है। इसे ज्वार के आटे और छाछ की मदद से आसानी से तैयार किया जा सकता है.
स्वाद में है खास
काठियावाड़ी खीचू अपनी मसालेदार और चटपटी फ्लेवर के लिए जाना जाता है। इसमें हरी मिर्च, जीरा और दूसरे मसालों का इस्तेमाल किया जाता है. छाछ डालने से इसका स्वाद थोड़ा खट्टा और बेहद खास हो जाता है. इसे आप लंच, डिनर या शाम के नाश्ते में भी परोस सकते हैं.
बनाने के लिए चाहिए ये चीजें
खीचू बनाने के लिए ज्वार का आटा, छाछ, पानी, हरी मिर्च, जीरा, थोड़ा तेल और नमक की जरूरत होगी. स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें अजवाइन या तिल भी डाले जा सकते हैं. सामग्री को अपनी पसंद के अनुसार कम या ज्यादा किया जा सकता है.
ऐसे तैयार करें खीचू
सबसे पहले एक पैन में छाछ और पानी डालकर गर्म करें। इसमें नमक, जीरा और बारीक कटी हरी मिर्च डाल दें. मिश्रण में उबाल आने लगे तो धीरे-धीरे ज्वार का आटा डालते जाएं और साथ ही लगातार चलाते रहें। ध्यान रखें कि आटा डालते समय गांठें न बनें.
अब मिश्रण को धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए पकाएं. जब आटा अच्छी तरह पककर गाढ़ा होने लगे और मिश्रण एकसार हो जाए, तो गैस बंद कर दें. तैयार खीचू को गर्मागर्म प्लेट में निकालें और ऊपर से थोड़ा तेल डालकर सर्व करें.
इस तरह करें सर्व
काठियावाड़ी खीचू को हरी चटनी, अचार या मसालेदार तेल के साथ परोसा जा सकता है. इसका तीखा और चटपटा स्वाद इसे रोज के खाने से अलग एक स्वादिष्ट विकल्प बनाता है. अगर आप पारंपरिक गुजराती-काठियावाड़ी स्वाद पसंद करते हैं, तो यह रेसिपी घर पर जरूर ट्राई कर सकते हैं.