जहां एक तरफ केंद्रीय कर्मचारी 8वें वेतन आयोग का इंतजार कर रहे हैं, वहीं केरल सरकार ने अपने कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दिया है। राज्य सरकार ने महंगाई भत्ता यानी डीए में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। इसके बाद डीए 25 प्रतिशत से बढ़कर 35 प्रतिशत हो जाएगा। इस फैसले से लाखों कर्मचारियों को सीधा फायदा मिलेगा।
किन लोगों को मिलेगा फायदा
सरकार के इस फैसले का लाभ राज्य सरकार के नियमित कर्मचारियों के अलावा स्थानीय निकायों के कर्मचारियों को भी मिलेगा। सहायता प्राप्त स्कूलों, कॉलेजों और पॉलिटेक्निक संस्थानों के शिक्षक और गैर-शिक्षण कर्मचारी भी इसके दायरे में आएंगे। फुल-टाइम कंटिंजेंट कर्मचारी और पार्ट-टाइम स्टाफ को भी बढ़े हुए डीए का लाभ मिलेगा।
कब से मिलेगा बढ़ा हुआ डीए
बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता मार्च की सैलरी में दिखाई देगा। यानी कर्मचारियों को जल्द ही इसका फायदा मिलने लगेगा। जिन लोगों की सैलरी पात्रता के आधार पर तय होती है, उनका डीए उसी हिसाब से जोड़ा जाएगा। इससे उनकी कुल सैलरी में अच्छा खासा इजाफा देखने को मिलेगा।
ये भी पढ़ें : Kashmir को मिलने जा रही नई रफ्तार, Jammu-Srinagar रूट पर कब दौड़ेगी दूसरी Vande Bharat?
पेंशनर्स को भी राहत
सरकार ने सिर्फ कर्मचारियों के लिए ही नहीं, बल्कि पेंशनर्स के लिए भी राहत दी है। राज्य सेवा के पेंशनर्स, फैमिली पेंशन पाने वाले और एक्स-ग्रेशिया लाभार्थियों के लिए डियरनेस रिलीफ यानी डीआर में भी 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। पेंशनर्स को यह बढ़ी हुई रकम अप्रैल की पेंशन के साथ मिलेगी।
संस्थानों के लिए क्या नियम
राज्य के पब्लिक सेक्टर उपक्रम, स्वायत्त निकाय, बोर्ड और अनुदान पाने वाले संस्थान भी राज्य के डीए और डीआर पैटर्न का पालन कर सकते हैं। हालांकि, उन्हें अपनी आर्थिक स्थिति देखकर फैसला लेना होगा। अगर अतिरिक्त खर्च वहन करने में दिक्कत हो तो पहले राज्य सरकार से अनुमति लेनी होगी।
किन पर लागू नहीं होगा आदेश
सरकार ने साफ किया है कि यह आदेश फिलहाल केरल स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड और केरल स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन पर लागू नहीं होगा। इन संस्थानों के लिए अलग से निर्देश जारी किए जाएंगे। कुल मिलाकर इस फैसले से राज्य के कर्मचारियों और पेंशनर्स के बीच खुशी की लहर है।