लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को होने वाली प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में विंध्य एक्सप्रेसवे परियोजना को मंजूरी मिलने की संभावना है। करीब 320-330 किलोमीटर लंबे इस प्रस्तावित एक्सप्रेसवे से प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी और सोनभद्र समेत विंध्य क्षेत्र को तेज संपर्क मिलेगा। परियोजना की अनुमानित लागत 22,000 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
प्रस्तावित एक्सप्रेसवे प्रयागराज के पास गंगा एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा और आगे चलकर बुंदेलखंड तथा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे नेटवर्क से भी संपर्क स्थापित करेगा। इससे मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ की ओर जाने वाले यातायात को नया हाई-स्पीड कॉरिडोर मिलेगा। यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आने के साथ औद्योगिक, धार्मिक और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
सूत्रों के अनुसार, कैबिनेट बैठक में करीब 12 प्रस्तावों पर विचार किया जाएगा। इनमें आधारभूत संरचना, औद्योगिक विकास और विभिन्न विभागों से जुड़े प्रस्ताव शामिल हैं। विंध्य एक्सप्रेसवे को मंजूरी मिलने पर यह उत्तर प्रदेश के विस्तृत एक्सप्रेसवे नेटवर्क की एक और महत्वपूर्ण कड़ी बनेगा।