Harish Rai passes away: कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। मशहूर अभिनेता हरीश राय का निधन हो गया है। 'केजीएफ' में चाचा के किरदार से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाने वाले हरीश राय अब इस दुनिया में नहीं रहे। लंबे समय से थ्रोट कैंसर से जूझ रहे एक्टर ने बीमारी से लंबी लड़ाई के बाद अंतिम सांस ली। ओम फिल्म में डॉन राय के रोल से उन्होंने पहचान बनाई थी। उनके निधन से साउथ फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है और फैंस सोशल मीडिया पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे
हरीश राय पिछले कई महीनों से कैंसर की गंभीर अवस्था से गुजर रहे थे। शुरुआत में गले तक सीमित यह बीमारी बाद में पेट तक फैल गई, जिससे उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई। शरीर कमजोर पड़ गया था और पेट में पानी भरने से तकलीफ बढ़ गई थी। कुछ समय पहले उन्होंने सोशल मीडिया के ज़रिए अपनी तबीयत की जानकारी देते हुए मदद की अपील की थी। उन्होंने बताया था कि इलाज पर लाखों रुपये खर्च हो रहे हैं और एक इंजेक्शन की कीमत ही 3.55 लाख रुपये है। इसके लिए उन्हें कुल लगभग 70 लाख रुपये की जरूरत थी।
यह भी देखेंःदीपिका कक्क़ड़ की सेहत में सुधार : शोएब इब्राहिम ने कहा - ‘अब हालात बेहतर हैं, पर डर अभी भी बना है’
फिल्म इंडस्ट्री में छोड़ी गहरी छाप
हरीश राय ने अपने करियर में कई सुपरहिट फिल्मों में दमदार भूमिकाएं निभाईं। ओम, समारा, बैंगलोर अंडरवर्ल्ड, राज बहादुर, जोड़ी हक्की, संजू वेड्स गीता, स्वयंवर और केजीएफ के दोनों चैप्टर में उनके अभिनय की खूब सराहना हुई। उन्होंने न केवल कन्नड़ बल्कि तमिल और तेलुगु फिल्मों में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उनके निधन से साउथ सिनेमा ने एक सशक्त और संवेदनशील कलाकार को खो दिया है, जो अपने अभिनय से आने वाले समय तक दर्शकों के दिलों में जीवित रहेंगे।