मध्यप्रदेश के इंदौर में रक्षाबंधन के पर्व पर खजराना गणेश मंदिर में भक्तों ने भक्ति और अनोखे अंदाज का अद्भुत संगम पेश किया। भगवान गणेश को 196 वर्गफीट की दुनिया की सबसे बड़ी फूलों की राखी अर्पित की गई, जो अलग-अलग शहरों से मंगाए गए विशेष फूलों से बनाई गई है। इस विशाल राखी को इंदौर और कोलकाता के कारीगरों ने रातभर की मेहनत से तैयार किया। इसकी खासियत है कि इसमें उपयोग किए गए फूल 10 दिनों तक ताजगी बनाए रखेंगे।
हर साल बढ़ता आकार, इस बार 196 वर्गफीट
श्री विघ्नहर्ता गणेश भक्त समिति द्वारा यह लगातार 9वां वर्ष है जब भगवान गणेश को विशाल राखी अर्पित की गई। समिति के संस्थापकों का कहना है कि जैसे-जैसे भगवान खजराना गणेश की प्रतिमा का स्वरूप बढ़ा, वैसे-वैसे राखी का आकार भी बढ़ाया गया। इस बार बनाई गई 196 वर्गफीट की राखी की डोर मंदिर के चारों ओर घूमाकर बांधी गई।
फूलों से बनी अद्भुत राखी
इस राखी का निर्माण फ्लोरिस्ट यथार्थ माहेश्वरी की टीम ने किया। लोहे के एंगल, जाली, थर्माकोल और करीब 100 किलो देसी-विदेशी फूलों का इस्तेमाल कर इसे सजाया गया। खास बात यह है कि पहली बार पूरी राखी को केवल फूलों से तैयार किया गया है, जिससे इसकी खूबसूरती कई गुना बढ़ गई।
विशेष फूल और ऑपरेशन सिंदूर थीम
राखी के लिए दिल्ली, पुणे और बेंगलुरू से विशेष प्रकार के फूल मंगवाए गए, जिनमें ऑरिएंटल लिली, एंथोरियम, ऑर्किड, सूरजमुखी, कारनेशन, क्रिसेंथेमम्स, विक्टोरिया, सुंग ऑफ इंडिया और जिप्सो शामिल हैं। इस साल राखी को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ थीम पर तैयार किया गया, जो देश के वीर सैनिकों की रक्षा और सम्मान को समर्पित है।