भारत के अनुभवी बैडमिंटन खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत यूएस ओपन सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट का खिताब जीतने से चूक गए। फाइनल मुकाबले में उन्हें चीनी ताइपे के खिलाड़ी सू ली-यांग ने तीन गेम तक चले संघर्ष में हरा दिया। करीब एक घंटे तक चले इस मुकाबले में श्रीकांत को 15-21, 21-16 और 9-21 से हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही इस सीजन का उनका पहला खिताब जीतने का सपना अधूरा रह गया।
पहले गेम में बिगड़ गई लय
मुकाबले की शुरुआत में श्रीकांत ने अच्छी चुनौती पेश की, लेकिन शुरुआती दौर में हुई कुछ गलतियों का उन्हें नुकसान उठाना पड़ा। सू ली-यांग ने इसका पूरा फायदा उठाते हुए लगातार अंक जुटाए और बढ़त बना ली। श्रीकांत ने बीच में शानदार वापसी करते हुए स्कोर बराबर भी किया, लेकिन ब्रेक के बाद चीनी ताइपे के खिलाड़ी ने फिर दबाव बनाया और पहला गेम 21-15 से अपने नाम कर लिया।
दूसरे गेम में दमदार वापसी
पहला गेम हारने के बाद श्रीकांत ने दूसरे गेम में शानदार खेल दिखाया। दोनों खिलाड़ियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली, लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने धैर्य बनाए रखा और बेहतरीन नेट प्ले के दम पर बढ़त हासिल कर ली। आखिर में उन्होंने 21-16 से गेम जीतकर मुकाबले को बराबरी पर ला दिया और फाइनल को निर्णायक तीसरे गेम तक पहुंचा दिया।
निर्णायक गेम में नहीं चला श्रीकांत का खेल
तीसरे और आखिरी गेम में सू ली-यांग ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। उन्होंने लगातार सटीक स्मैश और तेज रैलियों से श्रीकांत पर दबाव बनाए रखा। दूसरी ओर भारतीय खिलाड़ी लगातार गलतियां करते रहे और स्कोर तेजी से उनके खिलाफ जाता गया। आखिरकार सू ली-यांग ने 21-9 से गेम जीतकर मैच और खिताब दोनों अपने नाम कर लिए।
इसे भी पढ़ें : अरबों रुपये खर्च, फिर भी खेलों में क्यों पिछड़ रहे गल्फ देश? FIFA World Cup ने खोल दी बड़ी पोल
हार के बावजूद मिला सकारात्मक संकेत
भले ही किदांबी श्रीकांत खिताब नहीं जीत सके, लेकिन लंबे समय बाद किसी बड़े टूर्नामेंट के फाइनल तक पहुंचना उनके लिए अच्छी खबर माना जा रहा है। दूसरी ओर सू ली-यांग ने इस जीत के साथ अपने करियर का पहला BWF वर्ल्ड टूर खिताब जीत लिया। वहीं श्रीकांत की इस वापसी से भारतीय बैडमिंटन को आने वाले बड़े टूर्नामेंटों के लिए नई उम्मीद जरूर मिली है।