.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3Dbc5832c4-cb2b-43c4-a0f3-e073e3cd59e7&w=3840&q=75)
Murdered In Train: कुशीनगर एक्सप्रेस ट्रेन के एसी कोच के बाथरूम में 5 साल के मासूम का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव को कूड़ेदान में छिपाया गया था, जिसे देख यात्रियों में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, बच्चे का दो दिन पहले सूरत से अपहरण हुआ था और उसके गुम होने की शिकायत सूरत पुलिस के पास दर्ज की गई थी। शव मिलने के बाद रेलवे और सूरत पुलिस ने संयुक्त रूप से जांच शुरू कर दी है। बच्चे का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मौसेरे भाई पर हत्या का शक
शुरुआती जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि बच्चे का मौसेरा भाई ही हत्यारा हो सकता है। उसकी उम्र करीब 25 साल बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, पारिवारिक विवाद के चलते उसने यह खौफनाक कदम उठाया। आरोपी ने बच्चे का गला रेतकर हत्या की और शव को ट्रेन के टॉयलेट में फेंक दिया। रेलवे कमिश्नर राकेश काला सागर ने बताया कि रात करीब 1 बजे कुशीनगर एलटीटी कोच में शव बरामद हुआ। इस घटना ने परिवार और यात्रियों दोनों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
रेलवे पुलिस और सूरत पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार जुटी हुई हैं। घटनास्थल और स्टेशन के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बच्चा ट्रेन तक कैसे पहुंचा और हत्या की असल वजह क्या रही। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े कई सवालों के जवाब तभी सामने आएंगे जब आरोपी गिरफ्त में होगा। यह दर्दनाक वारदात न केवल परिवार के लिए, बल्कि यात्रियों के लिए भी बेहद भयावह अनुभव साबित हुई है।