बुलंदशहर। जनपद के खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित चंद्रलोक कॉलोनी से 10 मार्च को हुए सतीश अपहरण कांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या की नीयत से अपहरण की साजिश में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में श्वेता शर्मा और सत्येंद्र शामिल हैं, जबकि मामले में नामजद दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, चंद्रलोक कॉलोनी निवासी सतीश का 10 मार्च को जमीनी विवाद के चलते अपहरण किया गया था। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपियों ने पूर्व नियोजित तरीके से सतीश को अगवा किया और उसकी हत्या की साजिश रची थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार जांच और दबिश की कार्रवाई में जुटी हुई है।
हालांकि घटना के करीब 12 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस अब तक सतीश को बरामद नहीं कर सकी है, जिससे परिजनों में चिंता और आक्रोश बना हुआ है। परिजन लगातार पुलिस से जल्द से जल्द सतीश को सकुशल बरामद करने की मांग कर रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर सतीश को बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।