Loki Curry : लौकी का नाम सुनते ही अगर घर के बच्चे नाक-मुंह बनाने लगते हैं, तो इस सब्जी को एक अलग अंदाज में बनाकर खिलाएं. लौकी से तैयार होने वाली कढ़ी स्वाद में बेहद लाजवाब होती है और इसे चावल या रोटी के साथ आसानी से परोसा जा सकता है. खास बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा मेहनत भी नहीं करनी पड़ती.
लौकी की कढ़ी बनाने के लिए सामग्री
इस कढ़ी के लिए लौकी, दही, बेसन, हल्दी, लाल मिर्च, नमक और थोड़ा सा धनिया पाउडर चाहिए. तड़के के लिए तेल या घी के साथ जीरा, मेथी दाना, हींग, सूखी लाल मिर्च और करी पत्ता इस्तेमाल कर सकते हैं.
कैसे बनाएं लौकी की कढ़ी
सबसे पहले लौकी को छीलकर छोटे टुकड़ों में काट लें. इसे हल्का नमक डालकर नरम होने तक पका लें. दूसरी तरफ एक बर्तन में दही और बेसन को अच्छी तरह फेंटें. इसमें पानी मिलाकर पतला घोल तैयार कर लें, ताकि कढ़ी में गांठें न पड़ें.
अब एक कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करें और उसमें जीरा, मेथी दाना, हींग, सूखी लाल मिर्च और करी पत्ता डालकर तड़का लगाएं. इसके बाद दही-बेसन का घोल डालें और लगातार चलाते रहें। कढ़ी में उबाल आने के बाद इसमें पकी हुई लौकी डाल दें.
कढ़ी को धीमी आंच पर कुछ देर पकने दें, जिससे लौकी का स्वाद कढ़ी में अच्छी तरह मिल जाए. जरूरत के अनुसार नमक और मसाले डालकर गैस बंद कर दें. ऊपर से हरा धनिया डालकर गर्मागर्म सर्व करें. अगर घर में किसी को लौकी पसंद नहीं है, तो यह रेसिपी जरूर ट्राई करें. इसका स्वाद इतना अच्छा लगेगा कि बच्चे भी इसे बार-बार खाने की फरमाइश कर सकते हैं.