
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सोमवार को संसद के अंदर और बाहर विपक्ष पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और उसके नेतृत्व में चल रहा विपक्ष लगातार संसद की कार्यवाही में बाधा डाल रहा है, जिससे देश और जनता का समय बर्बाद हो रहा है. रिजिजू ने कहा कि विपक्षी दल खासकर कांग्रेस, संसद में जानबूझकर हंगामा कर रहे हैं ताकि सरकार अपना कामकाज पूरा न कर सके. उन्होंने आरोप लगाया कि पहले ही कई दिनों का बहुमूल्य समय बर्बाद हो चुका है और अब सरकार इस तरह का माहौल जारी नहीं रहने देगी.
ये भी पढ़ें : फतेहपुर में नवाब अब्दुल समद मकबरे को लेकर बवाल, मंदिर होने का दावा और तोड़फोड़ के बाद तनाव
'एक व्यक्ति की मूर्खता की वजह से देश नहीं उठाएगा नुकसान'
उन्होंने साफ कहा, “आज हम लोकसभा और राज्यसभा, दोनों सदनों में महत्वपूर्ण विधेयक पारित करेंगे. एक व्यक्ति की मूर्खता और एक परिवार के अहंकार की वजह से पूरे देश को नुकसान नहीं उठाना चाहिए. संसद देश की सेवा के लिए है, किसी के व्यक्तिगत या राजनीतिक एजेंडे के लिए नहीं।” रिजिजू ने दावा किया कि विपक्षी सांसदों में से कई निजी तौर पर आकर बताते हैं कि वो खुद भी संसद में हंगामा नहीं चाहते, लेकिन उनके नेता उन्हें ऐसा करने के लिए मजबूर करते हैं. “वो कहते हैं कि उन्हें जबरदस्ती नारेबाजी और वॉकआउट करना पड़ता है, वरना पार्टी नेतृत्व नाराज़ हो जाता है.”
संसद का हर दिन महत्वपूर्ण'
मंत्री ने आगे कहा कि संसद के हर सत्र में जनता की उम्मीदें जुड़ी होती हैं और अगर हर दिन सिर्फ एक मुद्दे पर हंगामा होता रहा, तो महत्वपूर्ण कानून और नीतियां पास नहीं हो पाएंगी. उन्होंने दोहराया कि सरकार संसद की कार्यवाही को बाधित नहीं होने देगी और जनता के हित में जरूरी बिल पारित कराएगी. रिजिजू के इस बयान से साफ है कि सरकार अब विपक्ष के विरोध और हंगामे के बावजूद संसद में अपना विधायी एजेंडा आगे बढ़ाने के मूड में है.