अगर आप बिना जोखिम के अपना पैसा दोगुना करना चाहते हैं, तो सरकार की पोस्ट ऑफिस किसान विकास पत्र स्कीम यानी KVP आपके लिए बेहतरीन विकल्प है. नाम में 'किसान' जरूर है, लेकिन ये योजना हर भारतीय के लिए है. इसकी खासियत यह है कि इसमें किया गया निवेश 115 महीनों में ठीक दोगुना हो जाता है. यानी 9 साल 7 महीने में आपका पैसा 2 गुना. सरकार इस पर 7.5% तक का ब्याज देती है, जो इसे बाजार की अनिश्चितता से दूर रखता है. चूंकि यह भारत सरकार द्वारा गारंटीड स्कीम है, इसलिए इसमें निवेश पूरी तरह सुरक्षित माना जाता है.
कैसे दोगुना होता है पैसा ?
KVP में पैसा चक्रवृद्धि ब्याज के आधार पर बढ़ता है. उदाहरण के लिए, यदि आप 10,000 रुपये निवेश करते हैं तो पहले साल 7.5% यानी 750 रुपये ब्याज मिलेगा. कुल राशि 10,750 रुपये हो जाएगी. अगले साल ब्याज इस बढ़ी हुई राशि पर लगेगा और आपकी रकम और बढ़ जाएगी. यही प्रोसेस 115 महीने तक चलता है और आपका 10,000 रुपये बढ़कर 20,000 रुपये बन जाता है. यह ब्याज पर ब्याज वाला मॉडल पैसे को तेजी से बढ़ाता है और लंबे समय के लिए शानदार रिटर्न देता है.
ये भी पढ़ें : BH नंबर प्लेट आखिर है क्या? हर किसी कोक्यों नहीं मिलती, जानें पूरा सच
कितने पैसे लगा सकते हैं ?
इस स्कीम की शुरुआत सिर्फ 1,000 रुपये से हो सकती है. इसकी कोई अधिकतम सीमा नहीं है, यानी आप जितना चाहें उतना निवेश कर सकते हैं. खास बात यह है कि इसमें एकमुश्त (वन-टाइम) निवेश किया जाता है. न मार्केट क्रैश का डर, न जोखिम आप जितना निवेश करेंगे, तय समय के बाद डबल होकर मिलेगा. यही कारण है कि सुरक्षित निवेश चाहने वाले लोग KVP को बेहद पसंद करते हैं.
KVP में निवेश कैसे करें ?
KVP खरीदने के लिए आपको कुछ जरूरी दस्तावेज जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड, पता प्रमाण और फोटो की जरूरत होगी. नजदीकी पोस्ट ऑफिस या अधिकृत बैंक की शाखा में जाकर Form A भरना होता है. इसके बाद आप नकद, चेक या डिमांड ड्राफ्ट से पैसा जमा कर सकते हैं. सभी दस्तावेज जांचने के बाद आपको किसान विकास पत्र का प्रमाणपत्र दे दिया जाता है, जिसे परिपक्वता अवधि पूरी होने पर भुनाया जा सकता है.