Kitchen Cleaning Tips : किचन घर का सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला हिस्सा होता है. खाना बनाते समय तेल, मसाले और भाप के कारण दीवारों, स्लैब और कैबिनेट पर चिकनाई जमने लगती है। यदि समय-समय पर सफाई न की जाए तो गंदगी हटाना मुश्किल हो सकता है। कुछ आसान घरेलू तरीकों की मदद से किचन को साफ और चमकदार बनाए रखा जा सकता है.
गर्म पानी और लिक्विड क्लीनर का करें इस्तेमाल
चिपचिपी सतहों को साफ करने के लिए सबसे पहले हल्के गर्म पानी में लिक्विड डिशवॉश या माइल्ड क्लीनर मिलाएं. एक मुलायम कपड़े या स्पंज को इस घोल में भिगोकर स्लैब, गैस के आसपास और कैबिनेट की सतह को अच्छी तरह साफ करें। इससे जमी हुई चिकनाई धीरे-धीरे हटने लगती है और सतह को नुकसान भी नहीं पहुंचता.
बेकिंग सोडा और सिरका भी हैं कारगर
जिद्दी दाग और तेल के निशान हटाने के लिए बेकिंग सोडा और सफेद सिरके का इस्तेमाल किया जा सकता है. पहले बेकिंग सोडा छिड़कें, फिर थोड़ा सिरका डालें और कुछ मिनट बाद मुलायम ब्रश से हल्के हाथों से रगड़ें। इसके बाद साफ पानी से पोंछ दें। यह तरीका कई सतहों पर जमी गंदगी हटाने में मददगार साबित हो सकता है.
चिमनी और एग्जॉस्ट फैन की सफाई न भूलें
किचन की चिमनी और एग्जॉस्ट फैन में सबसे ज्यादा तेल जमा होता है। इनके फिल्टर को समय-समय पर निकालकर गर्म पानी और डिशवॉश लिक्विड में कुछ देर भिगोएं। बाद में ब्रश से साफ करके अच्छी तरह सुखा लें। नियमित सफाई से उपकरण बेहतर तरीके से काम करते हैं और किचन में दुर्गंध भी कम होती है.
रोजाना अपनाएं छोटी-छोटी आदतें
खाना बनाने के तुरंत बाद स्लैब और गैस स्टोव को पोंछने की आदत डालें. कचरे का डिब्बा नियमित रूप से खाली करें और सिंक को साफ रखें। सप्ताह में एक बार कैबिनेट, टाइल्स और हैंडल की सफाई करने से चिकनाई जमा नहीं होती। इन आसान उपायों को अपनाकर आपकी किचन लंबे समय तक साफ, चमकदार और नई जैसी दिख सकती है.