IPL 2026 के ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स ने ऐसा दांव खेला जिसने सबका ध्यान खींच लिया। बांग्लादेश के अनुभवी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को KKR ने 9 करोड़ 20 लाख रुपये में अपने स्क्वाड में शामिल कर लिया। खास बात यह रही कि इस खिलाड़ी के लिए चेन्नई सुपर किंग्स भी आखिरी तक मैदान में थी, लेकिन अंतिम बोली कोलकाता ने जीत ली। जैसे ही हथौड़ा गिरा, साफ हो गया कि KKR ने डेथ ओवर्स के लिए एक बड़ा हथियार जोड़ लिया है। बांग्लादेशी कटर स्पेशलिस्ट की एंट्री से कोलकाता की गेंदबाजी और ज्यादा खतरनाक मानी जा रही है।
भारी पर्स का दम और आक्रामक रणनीति
IPL 2026 ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स के पास सबसे मजबूत पर्स में से एक था। टीम के पास 64 करोड़ से ज्यादा रुपये मौजूद थे और उन्होंने इसका खुलकर इस्तेमाल किया। सबसे पहले KKR ने कैमरून ग्रीन पर 25 करोड़ 20 लाख रुपये खर्च किए और उन्हें अपने स्क्वाड का चेहरा बना दिया। इसके बाद मथीशा पथिराना के लिए 18 करोड़ की बड़ी बोली लगाई गई। इन दो महंगे सौदों के बाद भी कोलकाता नहीं रुकी और तीसरी सबसे बड़ी रकम मुस्तफिजुर रहमान पर झोंक दी। यह साफ संकेत था कि KKR इस बार खिताब की तैयारी पूरी ताकत से कर रही है।
ये भी पढ़ें : CSK ने 4 फैसलों में बदल दिया IPL 2026 का खेल, UP के 'लाल' पर क्यों खेला बड़ा दांव, पढ़ें Inside स्टोरी
मुस्तफिजुर का IPL अनुभव बना वजह
मुस्तफिजुर रहमान का IPL अनुभव ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। वह अब तक 5 अलग-अलग टीमों के लिए 60 मैच खेल चुके हैं और उनके नाम 65 विकेट दर्ज हैं। पिछले सीजन वह दिल्ली कैपिटल्स में रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के तौर पर आए थे और 3 मैचों में 4 विकेट चटकाए थे। उनकी स्लोअर गेंद और कटर बल्लेबाजों को खास तौर पर परेशान करती है। KKR ने उन्हें इसलिए चुना क्योंकि बड़े मैचों में दबाव झेलने का अनुभव उनके पास है। बांग्लादेश से आए इस गेंदबाज को कोलकाता अब अपने डेथ ओवर्स का अहम हिस्सा मान रही है।
सीफर्ट समेत पूरा स्क्वाड हुआ मजबूत
मुस्तफिजुर के अलावा KKR ने न्यूजीलैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज टिम सीफर्ट को भी 1.5 करोड़ रुपये में खरीदा। सीफर्ट पहले भी कोलकाता के लिए खेल चुके हैं, जिससे टीम को उनकी उपयोगिता का अंदाजा है। इसके अलावा तेजस्वी सिंह, फिन एलन, राहुल त्रिपाठी जैसे नामों से स्क्वाड को गहराई मिली है। ऑक्शन से पहले KKR के 13 स्लॉट खाली थे, जिनमें से 11 भर लिए गए हैं। मजबूत पर्स और सटीक फैसलों के दम पर कोलकाता ने यह दिखा दिया कि IPL 2026 में वह सिर्फ नामों से नहीं, बल्कि संतुलित टीम से मैदान में उतरने वाली है।