आईपीएल 2026 में आज कोलकाता और गुजरात के बीच होने वाला मुकाबला सिर्फ दो टीमों की भिड़ंत नहीं बल्कि प्लेऑफ की तस्वीर बदलने वाला मैच माना जा रहा है। गुजरात की टीम जीत के साथ प्लेऑफ में अपनी जगह लगभग पक्की कर सकती है, जबकि कोलकाता के लिए यह मुकाबला किसी फाइनल से कम नहीं माना जा रहा। हार का मतलब लगभग टूर्नामेंट से बाहर होने जैसा हो सकता है।
गुजरात की मजबूत स्थिति
गुजरात टाइटंस ने इस सीजन शानदार प्रदर्शन किया है। टीम ने अब तक 12 मुकाबलों में 8 जीत दर्ज की हैं और 16 अंकों के साथ तालिका में दूसरे स्थान पर बनी हुई है। अगर टीम आज जीत जाती है तो वह शीर्ष स्थान पर पहुंच सकती है। शुभमन गिल की कप्तानी में टीम संतुलित नजर आई है और बल्लेबाजी से लेकर गेंदबाजी तक हर विभाग ने प्रभावित किया है।
कोलकाता पर बढ़ा दबाव
दूसरी तरफ कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए स्थिति आसान नहीं दिखाई दे रही। टीम ने 11 मैचों में सिर्फ 4 जीत हासिल की हैं। एक मुकाबला रद्द होने से उसे एक अतिरिक्त अंक जरूर मिला, लेकिन अब भी टीम मुश्किल हालात में खड़ी है। अगर केकेआर को प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा रखनी हैं तो बाकी बचे सभी मुकाबले जीतने होंगे। इसलिए आज का मैच उसके लिए बेहद अहम माना जा रहा है।
ईडन का रिकॉर्ड क्या कहता
कोलकाता के ईडन गार्डन्स में अब तक आईपीएल के 104 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों को ज्यादा सफलता मिली है। यहां 59 मुकाबले चेज करने वाली टीम ने जीते हैं जबकि पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम 43 बार सफल रही है। इससे साफ माना जा रहा है कि टॉस की भूमिका काफी अहम हो सकती है।
पिच से बल्लेबाजों को मदद
आज की पिच बल्लेबाजों के लिए फायदेमंद मानी जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक विकेट काफी सपाट नजर आ रही है, जिससे बड़े स्कोर बनने की संभावना बढ़ गई है। हालांकि मौसम का असर भी अहम हो सकता है। अगर बारिश हुई तो गेंद की उछाल बदल सकती है और बल्लेबाजों को परेशानी हो सकती है। फिर भी बड़ा स्कोर बनने की उम्मीद ज्यादा दिखाई दे रही है।
इसे भी पढ़ें : जाति प्रमाणपत्रों पर बड़ा एक्शन, Bengal में 1.69 करोड़ दस्तावेजों की फिर होगी जांच
220 पार का हो सकता खेल
क्रिकेट जानकारों का मानना है कि अगर पहली पारी में 220 से 230 रन बनते हैं तो मुकाबला एकतरफा भी हो सकता है। टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी चुन सकती है क्योंकि ईडन में ओस अक्सर बड़ा असर डालती है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि गुजरात प्लेऑफ टिकट पक्का करती है या कोलकाता आखिरी उम्मीद बचा लेती है।