आईपीएल 2026 का 12वां मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा, जहां कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स आमने-सामने होंगी। केकेआर के लिए यह मैच बेहद अहम है, क्योंकि टीम अपने शुरुआती दोनों मुकाबले हार चुकी है और अंकतालिका में नीचे खिसक गई है। कप्तान अजिंक्य रहाणे की टीम अब अपने घरेलू मैदान पर पहली जीत दर्ज करने की कोशिश करेगी।
पंजाब किंग्स की मजबूत शुरुआत
दूसरी ओर श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स शानदार फॉर्म में है। टीम ने अपने दोनों मुकाबले जीतकर अंकतालिका में मजबूत स्थिति बना ली है। बल्लेबाजी में प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्य जैसे खिलाड़ी तेजी से रन बना रहे हैं, वहीं गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल टीम को मजबूती दे रहे हैं। ऐसे में पंजाब को हराना केकेआर के लिए आसान नहीं होगा।
केकेआर को करना होगा सुधार
केकेआर की सबसे बड़ी चिंता उसकी असंतुलित टीम प्रदर्शन है। बल्लेबाजी में रहाणे, अंगकृष रघुवंशी और रिंकू सिंह ने कुछ योगदान दिया है, लेकिन बाकी बल्लेबाजों से उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं मिला। वहीं गेंदबाजी भी कमजोर नजर आई है। अगर टीम को जीत दर्ज करनी है, तो हर विभाग में बेहतर प्रदर्शन करना होगा।
पिच रिपोर्ट से बल्लेबाजों को फायदा
ईडन गार्डन्स की पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है। यहां गेंद अच्छी तरह बल्ले पर आती है और आउटफील्ड तेज होने से रन बनाना आसान रहता है। हालांकि शुरुआत में तेज गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिल सकती है, लेकिन बाद में स्पिनर भी असर डाल सकते हैं। छोटी बाउंड्री और ओस के कारण लक्ष्य का पीछा करना आसान हो सकता है।
इसे भी पढ़ें : मिशन 2027 के बीच दलित राजनीति पर फोकस, भाजपा के सामने नई चुनौती खड़ी
मौसम बन सकता है विलेन
मौसम इस मुकाबले में बड़ा रोल निभा सकता है। रिपोर्ट के अनुसार मैच के दौरान बारिश की संभावना बनी हुई है। शाम के समय बारिश के साथ तेज हवाएं और आंधी भी आ सकती है, जिससे मैच प्रभावित हो सकता है। ऐसे में मुकाबले के ओवर कम किए जाने की संभावना भी है।
हेड टू हेड में केकेआर आगे
दोनों टीमों के बीच अब तक 35 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें केकेआर का पलड़ा भारी रहा है। केकेआर ने 21 मैच जीते हैं, जबकि पंजाब ने 13 मुकाबलों में जीत हासिल की है। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या केकेआर इस रिकॉर्ड को बनाए रखते हुए जीत दर्ज करती है या पंजाब अपनी जीत की लय जारी रखती है।