मुंबई के एमसीए क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए रणजी ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल मुकाबले में बड़ा उलटफेर देखने को मिला। कर्नाटक ने मजबूत मानी जा रही मुंबई टीम को 4 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। इस जीत के साथ ही रणजी ट्रॉफी की सबसे सफल टीम मुंबई का इस सीजन का सफर यहीं खत्म हो गया। मुकाबले में कर्नाटक को चौथी पारी में 325 रन का मुश्किल लक्ष्य मिला था, जिसे टीम ने 74वें ओवर में हासिल कर लिया।
केएल राहुल बने जीत के नायक
कर्नाटक की इस ऐतिहासिक जीत के सबसे बड़े हीरो केएल राहुल रहे। सलामी बल्लेबाज राहुल ने दबाव भरे माहौल में शानदार बल्लेबाजी की और 182 गेंदों पर 130 रन बनाए। उनकी पारी में 14 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। राहुल उस वक्त आउट हुए, जब टीम को जीत के लिए सिर्फ 59 रन चाहिए थे। यह उनके फर्स्ट क्लास करियर का 23वां शतक रहा।
मिडिल ऑर्डर ने भी निभाई जिम्मेदारी
राहुल के अलावा एस. रविचंद्रन ने 123 गेंदों पर नाबाद 83 रन की अहम पारी खेली। वहीं, विद्याधर पाटिल ने सिर्फ 30 गेंदों में नाबाद 31 रन बनाकर मैच को कर्नाटक की झोली में डाल दिया। कप्तान देवदत्त पड्डिकल ने भी 39 रन का उपयोगी योगदान दिया। इन सभी पारियों की बदौलत कर्नाटक ने मुश्किल रन चेज़ को आसान बना दिया।
मुंबई का गलत टॉस फैसला पड़ा भारी
मैच की शुरुआत मुंबई के कप्तान शार्दुल ठाकुर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी के फैसले से की थी, जो टीम पर भारी पड़ गया। अखिल हरवाडेकर के 60 रन को छोड़ दें तो मुंबई का पूरा बल्लेबाजी क्रम फ्लॉप रहा। पूरी टीम पहली पारी में सिर्फ 120 रन पर सिमट गई। कर्नाटक की ओर से विद्वत कविरप्पा, प्रसिद्ध कृष्णा और श्रेयस गोपाल ने 3-3 विकेट लिए, जबकि विद्याधर पाटिल ने 1 विकेट चटकाया।
इसे भी पढ़ें : पॉडकास्ट में खुला मस्ती का पिटारा, Hardik की लव लाइफ पर Nehra का तंज क्यों हुआ वायरल
पहली पारी की बढ़त बनी मैच की कुंजी
कर्नाटक की पहली पारी भी ज्यादा बड़ी नहीं रही और टीम मयंक अग्रवाल के 92 रन के बावजूद 173 रन पर ऑलआउट हो गई। हालांकि, इस पारी में मिली 53 रन की बढ़त आगे चलकर निर्णायक साबित हुई। मुंबई की तरफ से मोहित अवस्थी और तुषार देशपांडे ने 4-4 विकेट लिए, जबकि शार्दुल ठाकुर और सूर्यांश शेड्गे को 1-1 सफलता मिली।
दूसरी पारी के बाद बदला खेल
मुंबई ने दूसरी पारी में जोरदार वापसी करते हुए 377 रन बनाए। लेकिन पहली पारी की बढ़त के चलते कर्नाटक को जीत के लिए 325 रन का लक्ष्य मिला। केएल राहुल की अगुआई में कर्नाटक ने यह लक्ष्य 6 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ कर्नाटक ने साफ संदेश दे दिया कि वह इस सीजन रणजी ट्रॉफी में खिताब की बड़ी दावेदार बनकर उभरी है।