रूस के बश्कोर्तोस्तान गणराज्य में स्थित ऊफा स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में शनिवार को चाकूबाजी की एक गंभीर घटना सामने आई है। इस हमले में चार भारतीय छात्रों सहित कुल आठ लोग घायल हो गए हैं। घायलों में दो पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं, जो बीच-बचाव के दौरान जख्मी हुए।
स्पोर्ट्स हॉल में हुआ हमला
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह घटना विदेशी छात्रों के हॉस्टल के स्पोर्ट्स हॉल में हुई। एक किशोर हमलावर ने परिसर में घुसकर छात्रों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले के बाद स्थिति को संभालने पहुंची पुलिस पर भी आरोपी ने हमला किया।
An unfortunate incident of attack has occurred in Ufa. Several persons including four Indian students have been injured. The Embassy is in touch with the authorities and the officials from the Consulate in Kazan are on their way to Ufa to provide assistance to the injured…
— India in Russia (@IndEmbMoscow) February 7, 2026
पुलिस अधिकारियों पर भी चाकू से वार
रूस के गृह मंत्रालय के मुताबिक, गिरफ्तारी से बचने की कोशिश में आरोपी ने कई छात्रों के साथ-साथ दो पुलिस अधिकारियों को भी चाकू मार दिया। इस दौरान हमलावर ने खुद को भी चोट पहुंचाई। RTVI.com के हवाले से गृह मंत्रालय की प्रवक्ता मेजर जनरल इरीना वोल्का ने बताया कि आरोपी ने हिरासत का विरोध किया, जिसमें पुलिसकर्मी घायल हुए। बाद में उसे काबू में कर लिया गया।
भारतीय दूतावास सक्रिय
रूस में भारतीय दूतावास ने शनिवार रात बयान जारी कर पुष्टि की कि इस हमले में घायल लोगों में चार भारतीय छात्र शामिल हैं। दूतावास ने कहा कि वह स्थानीय प्रशासन के संपर्क में है और कज़ान स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारी छात्रों की मदद के लिए ऊफा रवाना हो रहे हैं।
एक छात्र की हालत गंभीर
रूस के संघीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, हमले में घायल चार लोगों का इलाज जारी है, जिनमें से एक की स्थिति नाजुक बनी हुई है। हमलावर की पहचान 15 वर्षीय लड़के के रूप में हुई है, जिसे भी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नव-नाज़ी संगठन से जुड़ाव का आरोप
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोपी एक प्रतिबंधित नव-नाज़ी संगठन ‘NS/WP’ से जुड़ा बताया जा रहा है। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि हमले के दौरान वह होलोकॉस्ट को लेकर राष्ट्रवादी नारे लगा रहा था और पीड़ितों के खून से दीवार पर स्वास्तिक का चिन्ह बनाया गया।