
Yuvraj Singh Cricket Academy: बचपन में कुछ बच्चों का क्रिकेटर बनने का सपना होता है, लेकिन सही कोचिंग के बिना उनका वो सपना अधूरा रह जाता है, लेकिन टीम इंडिया के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह उन बच्चों का क्रिकेटर बनने का सपना साकार करने का प्रयास कर रहे हैं। टी-20 वर्ल्ड कप 2007 में 6 बॉल पर 6 छक्के जड़ने वाले युवराज ने देश के कई शहरों में अपनी क्रिकेट एकेडमी खोली है जहां बच्चे अब क्रिकेट की सही कोचिंग ले सकते हैं और देश का नाम रोशन करने के लिए क्रिकेट के सही गुण सीख सकते हैं
इन शहरों में है क्रिकेट एकेडमी
पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह की क्रिकेट एकेडमी भारत के कई शहरों में हैं, जिनमें गुरुग्राम (हरियाणा), ग्रेटर नोएडा (उत्तर प्रदेश), जालंधर (पंजाब) और बनबीरपुर, अयोध्या (उत्तर प्रदेश) शामिल हैं। ये एकेडमी युवराज सिंह सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (YSCE) के नाम से जानी जाती हैं। यह एकेडमी स्थानीय बच्चों को न केवल खेल के बुनियादी सिद्धांत सिखा रही है बल्कि युवा क्रिकेटरों के सपनों को भी पंख दे रही है।
अभिषेक शर्मा के मेंटर है युवराज सिंह
आपको बता दें कि T-20 फॉर्मेट में धूम मचाने वाले अभिषेक शर्मा के मेंटर भी युवराज सिंह ही हैं। जी हां अभिषेक शर्मा ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे कम गेंदों में 50 छक्के पूरे कर विश्व रिकॉर्ड बना दिया। अभिषेक शर्मा ने पाकिस्तान के खिलाफ मैच में एक अलग ही रंग दिखाया। उन्होंने पाकिस्तानी गेंदबाजों की जमकर धज्जियां उड़ाईं। इसके पीछे का बड़ा श्रेय उनके मेंटर युवराज सिंह को जाता है। युवराज सिंह ने अपने अनुभव से अभिषेक शर्मा का लगातार मार्गदर्शन बेहतर तरीके से किया।
किस उम्र के बच्चे ले सकते हैं एडमिशन
वैसे तो युवराज सिंह के क्रिकेट एकैडमी की न्यूनतम उम्र तय नहीं है, लेकिन यह एकेडमी 5 से 8 साल के बच्चों के लिए काफी बेस्ट मानी जाती है। इस एकेडमी में विश्व स्तरीय प्रशिक्षण दिया जाता है। बता दें कि युवराज सिंह सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में प्रशिक्षण लेने के लिए रजिस्ट्रेशन फीस लगभग 7000 रुपये हैं। यह एकेडमी सप्ताह में हर दिन खुली रहती है, ताकि सभी युवा खिलाड़ियों की सुविधा अनुसार ट्रेनिंग हो सके।