आईपीएल 2026 का फाइनल अब बेहद करीब है। रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों ने पूरे सीजन शानदार प्रदर्शन किया है और इसी वजह से अंक तालिका में शीर्ष दो स्थानों पर रहीं। बेंगलुरु ने पहले क्वालीफायर में गुजरात को हराकर सीधे फाइनल में जगह बनाई थी, जबकि गुजरात ने दूसरे क्वालीफायर में राजस्थान रॉयल्स को हराकर खिताबी मुकाबले का टिकट हासिल किया। ऐसे में फाइनल में कुछ खिलाड़ियों की भूमिका बेहद अहम रहने वाली है।
विराट कोहली पर बड़ी जिम्मेदारी
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए विराट कोहली सबसे बड़े मैच विनर साबित हो सकते हैं। बड़े मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करने के लिए पहचाने जाने वाले कोहली इस सीजन भी लगातार रन बना रहे हैं। पहले क्वालीफायर में उन्होंने तेज शुरुआत देकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया था। इस सीजन 15 मैचों में 600 रन बनाकर वह बेंगलुरु की बल्लेबाजी के सबसे मजबूत स्तंभ बने हुए हैं। फाइनल में उनकी शुरुआत टीम के लिए बहुत महत्वपूर्ण होगी।
रजत पाटीदार की फॉर्म से बढ़ा भरोसा
कप्तान रजत पाटीदार इस समय शानदार लय में दिखाई दे रहे हैं। पहले क्वालीफायर में उनकी आक्रामक पारी ने गुजरात की उम्मीदों को झटका दिया था। पाटीदार की खासियत यह है कि वह परिस्थिति के अनुसार बल्लेबाजी कर सकते हैं। जरूरत पड़ने पर पारी संभालते हैं और मौका मिलने पर तेजी से रन भी बनाते हैं। फाइनल में उनकी बल्लेबाजी गुजरात के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकती है।
क्रुणाल पांड्या का अनुभव बनेगा हथियार
क्रुणाल पांड्या बड़े मुकाबलों के खिलाड़ी माने जाते हैं। आईपीएल फाइनल में दो बार मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड उनके नाम है। इस सीजन भी उन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान दिया है। अहमदाबाद की पिच पर उनकी स्पिन गेंदबाजी और उपयोगी बल्लेबाजी बेंगलुरु को फायदा पहुंचा सकती है।
गुजरात की उम्मीद शुभमन गिल
गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल शानदार फॉर्म में हैं। दूसरे क्वालीफायर में शतक लगाने के बाद उनका आत्मविश्वास चरम पर है। गिल ने इस सीजन 722 रन बनाए हैं और बड़े मैचों में खुद को साबित किया है। नरेंद्र मोदी स्टेडियम उनका पसंदीदा मैदान माना जाता है, जहां उनका रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है। गुजरात को ट्रॉफी तक पहुंचाने की सबसे बड़ी उम्मीद उन्हीं से होगी।
इसे भी पढ़ें : Gill की रणनीति से RCB में हलचल, फाइनल से पहले गुजरात ने तैयार किया खास प्लान
साई सुदर्शन भी बन सकते हैं मैच विनर
साई सुदर्शन ने पूरे सीजन लगातार रन बनाकर गुजरात की सफलता में बड़ी भूमिका निभाई है। उन्होंने 16 मैचों में 710 रन बनाए हैं और शुभमन गिल के साथ कई बड़ी साझेदारियां की हैं। अगर सुदर्शन लंबी पारी खेलने में सफल रहते हैं तो गुजरात का पलड़ा भारी हो सकता है। यही वजह है कि फाइनल में बेंगलुरु की पहली कोशिश उनका विकेट जल्दी लेने की होगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि इन पांच सितारों में से कौन अपनी टीम को आईपीएल 2026 का चैंपियन बनाता है।