Kolar Gold Fields जिसे लोग आज फिल्मों की वजह से जानते हैं, कभी भारत की सबसे बड़ी और खतरनाक सोने की खदानों में गिना जाता था। कर्नाटक के कोलार जिले में स्थित यह इलाका एक समय “सोने की नगरी” कहलाता था। यहां की खदानों से अंग्रेजों के दौर में भारी मात्रा में सोना निकाला जाता था. फिल्मों में KGF को गैंगस्टर और सत्ता की लड़ाई के रूप में दिखाया गया, लेकिन असल जिंदगी में यहां मजदूर हर दिन अपनी जान जोखिम में डालकर धरती की गहराइयों से सोना निकालते थे.
हजारों फीट नीचे मौत का डर
कोलार की खदानें दुनिया की सबसे गहरी खदानों में शामिल थीं। कई सुरंगें 10 हजार फीट से भी ज्यादा गहराई तक जाती थीं। इतनी गहराई में तापमान बहुत अधिक होता था और सांस लेना भी मुश्किल हो जाता था. मजदूर घंटों तक अंधेरे में काम करते थे। छोटी-सी गलती जानलेवा साबित हो सकती थी। कई बार सुरंग धंसने, जहरीली गैस या मशीन हादसों में मजदूरों की मौत हो जाती थी। इसके बावजूद गरीबी और रोजगार की मजबूरी उन्हें हर दिन खदान में उतरने पर मजबूर करती थी.
अंग्रेजों के दौर में बढ़ा खनन
19वीं सदी में अंग्रेजों ने यहां बड़े पैमाने पर सोने का खनन शुरू किया। उस समय आधुनिक मशीनों और बिजली का इस्तेमाल किया गया, जिससे KGF तेजी से विकसित हुआ। यहां स्कूल, अस्पताल और कॉलोनियां भी बनाई गईं. कहा जाता है कि एक दौर में यहां से निकला सोना ब्रिटिश अर्थव्यवस्था के लिए बेहद महत्वपूर्ण था। देशभर से लोग रोजगार की तलाश में KGF पहुंचते थे.
धीरे-धीरे खत्म हुआ सोना
समय के साथ खदानों में सोने का उत्पादन कम होने लगा. खनन की लागत बढ़ती गई और मुनाफा घटने लगा। आखिरकार साल 2001 में खदानों को बंद कर दिया गया। इसके बाद हजारों लोग बेरोजगार हो गए. आज KGF की कई खदानें वीरान पड़ी हैं. कभी मजदूरों की आवाज से गूंजने वाला इलाका अब शांत नजर आता है। पुराने क्वार्टर, बंद मशीनें और जर्जर सुरंगें उस दौर की याद दिलाती हैं जब यहां धरती से सोना निकाला जाता था.
आज भी लोगों को आकर्षित करती है KGF
फिल्मों ने KGF को नई पहचान दी है, लेकिन इसकी असली कहानी संघर्ष, मेहनत और खतरे से भरी रही है। यह जगह सिर्फ सोने की खदान नहीं थी, बल्कि हजारों मजदूरों की जिंदगी और सपनों का हिस्सा भी थी.