Ban Non-Veg Sale: गणतंत्र दिवस के अवसर पर ओडिशा के कोरापुट जिले में एक दिन के लिए नॉनवेज खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगा दी गई है। जिला प्रशासन ने 26 जनवरी को आयोजित होने वाले 77वें गणतंत्र दिवस समारोह को शांतिपूर्ण और गरिमामय बनाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया है। इस फैसले के तहत पूरे जिले में मांसाहारी खाद्य पदार्थों की बिक्री प्रतिबंधित रहेगी।
अधिकारियों को निर्देश
कोरापुट के जिला कलेक्टर मनोज सत्यवान महाजन ने इस संबंध में सभी तहसीलदारों, ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर्स और नगर निकायों के कार्यकारी अधिकारियों को पत्र जारी किया है। पत्र में निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में आधिकारिक आदेश जारी कर इस प्रतिबंध को प्रभावी रूप से लागू कराएं।
क्या रहेगा प्रतिबंध
जिला प्रशासन के आदेश के अनुसार 26 जनवरी को मांस, चिकन, मछली, अंडा सहित सभी प्रकार के नॉनवेज खाद्य पदार्थों की बिक्री पूरी तरह बंद रहेगी। यह प्रतिबंध केवल बिक्री पर लागू होगा और सिर्फ गणतंत्र दिवस के दिन तक सीमित रहेगा। अगले दिन से नॉनवेज की बिक्री सामान्य रूप से फिर शुरू हो सकेगी।
यह भी देखेंःEmployment Fair: पीएम मोदी का रोजगार अभियान, 61 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र, 45 शहरों में आयोजन
शांति और अनुशासन
कलेक्टर द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान जिले में शांति, अनुशासन और सम्मानजनक माहौल बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। प्रशासन चाहता है कि राष्ट्रीय पर्व के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो और सभी कार्यक्रम सुचारु रूप से संपन्न हों।
बाजारों पर असर
इस आदेश के बाद कोरापुट जिले के सभी शहरी और ग्रामीण इलाकों में मांस की दुकानें और नॉनवेज विक्रेता 26 जनवरी को बंद रहेंगे। जिला प्रशासन ने आम लोगों और व्यापारियों से सहयोग की अपील की है। वहीं नॉनवेज खाने के शौकीन लोग पहले से ही अपने खाने का इंतजाम करने में जुट गए हैं।