दुबई में खेले जा रहे टी20 एशिया कप 2025 फाइनल में टीम इंडिया ने वो करिश्मा कर दिखाया, जिसकी उम्मीद करोड़ों भारतीय फैन्स कर रहे थे. कप्तान सूर्यकुमार यादव और कोच गौतम गंभीर ने इस बड़े मैच के लिए जो मास्टरप्लान बनाया था, वही पाकिस्तान की बैटिंग के खिलाफ दिखा. इस प्लान के असली 'ब्रह्मास्त्र' कोई और नहीं बल्कि भारत के कलाई के जादूगर कुलदीप यादव निकले, जिन्होंने अपनी फिरकी से पाकिस्तान की बैटिंग लाइन-अप की ऐसी धज्जियां उड़ाईं कि पूरी टीम घुटनों पर आ गिरी. पाकिस्तानी ओपनर साहिबजादा फरहान और फखर जमां ने जरूर तेज शुरुआत कर भारत को दबाव में डालने की कोशिश की, लेकिन जैसे ही गेंद स्पिनर्स के हाथ में आई, मैच की पूरी तस्वीर बदल गई.
30 रन देकर 4 विकेट झटके
कुलदीप यादव ने अपनी गेंदबाजी से पाकिस्तानी बल्लेबाजों को मानो जाल में फंसा लिया. अपने चार ओवर के स्पेल में उन्होंने सिर्फ 30 रन देकर 4 विकेट झटके और पाकिस्तान की रीढ़ ही तोड़ दी. उनके शिकार सैम अयूब, सलमान अली आगा, शाहीन अफरीदी और फहीम अशरफ बने. ये सभी बल्लेबाज ऐसे आउट हुए मानो कुलदीप पहले ही उनकी स्क्रिप्ट लिखकर आए हों. उनके सामने पाकिस्तान के दिग्गजों की हालत वैसी हो गई जैसे अंधेरे में तीर चलाने वाला खिलाड़ी रास्ता ढूंढते रहे, लेकिन विकेट बचा नहीं पाए.
कुलदीप ने बनाया सबसे बडा़ रिकॉर्ड
यही नहीं, इस तूफानी गेंदबाजी के दम पर कुलदीप ने एशिया कप के इतिहास में सबसे बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. उन्होंने श्रीलंका के महान गेंदबाज लसिथ मलिंगा को पीछे छोड़ते हुए टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए. मलिंगा के नाम जहां 32 विकेट दर्ज थे, वहीं अब कुलदीप यादव के खाते में 35 विकेट हो गए हैं यानी साफ है कि एशिया कप में अब अगर किसी एक गेंदबाज को 'बादशाह' कहा जाएगा तो वो कोई और नहीं बल्कि कुलदीप यादव हैं. उनके साथ-साथ टीम के बाकी स्पिनर्स ने भी पाकिस्तान पर कहर बरपाया. वरुण चक्रवर्ती ने चार ओवर में 30 रन देकर 2 विकेट लिए, वहीं अक्षर पटेल ने भी 4 ओवर में सिर्फ 26 रन देकर 2 अहम विकेट अपने नाम किए. जबकि तेज गेंदबाज बुमराह का भी कमाल दिखा और उन्होंने भी 2 विकेट हासिल किए.
तीनों स्पिनर्स के जाल में फंसे पाकिस्तानी
हालांकि तीनों स्पिनर्स की तिकड़ी ने पाकिस्तान को बांधकर रखा और पूरी टीम को सिर्फ 146 रन पर समेट दिया. यही गंभीर-सूर्या का मास्टरप्लान था स्पिन का जाल बुनो और पाकिस्तानी बल्लेबाजों को सांस तक लेने का मौका मत दो. और हुआ भी वही. पाकिस्तान का ये फाइनल उनके लिए 'ख्वाब' नहीं बल्कि 'दुःस्वप्न' बन गया. भारतीय स्पिनरों ने साबित कर दिया कि 2025 का फाइनल जब भी याद किया जाएगा, तो उसमें सिर्फ और सिर्फ कुलदीप यादव और टीम इंडिया के जलवे ही गूंजेंगे. कुलदीप उस डरावने किरदार की तरह सामने आए, जिनकी फिरकी में पूरी पाकिस्तानी टीम धुआं-धुआं होकर ढेर हो गई.