रांची वनडे में सबकी निगाहें रोहित शर्मा और विराट कोहली की दमदार बल्लेबाजी पर थीं, लेकिन मैच खत्म होने तक पूरा माहौल कुलदीप यादव के नाम हो गया। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेले गए पहले वनडे में स्पिनर कुलदीप ने अपनी शानदार गेंदबाजी से मैच को पूरी तरह मोड़ दिया। एक हाई-स्कोरिंग मुकाबले में जहां हर गेंदबाज रन देने को मजबूर था, वहीं कुलदीप ने 4 विकेट लेकर भारतीय जीत में निर्णायक भूमिका निभाई। धोनी के शहर रांची में खेलते हुए कुलदीप ने जैसे अपनी कला का ऐसा प्रदर्शन किया कि फैंस गदगद हो उठे।
साझेदारी तोड़कर भारत को दिलाई जीत
साउथ अफ्रीका की ओर से मार्को यानसेन और मैथ्यू ब्रीट्ज़के ने छठे विकेट के लिए 97 रन की बड़ी साझेदारी कर भारत को परेशानी में डाल दिया था। तभी कुलदीप यादव ने अपनी फिरकी का जादू दिखाया। पहले यानसेन को 70 रन पर आउट किया, फिर अगली ही गेंदों में ब्रीट्ज़के को 72 पर पवेलियन भेज दिया। इससे पहले उन्होंने टोनी डी जोर्जी का महत्वपूर्ण विकेट भी लिया था। कुलदीप के इन लगातार स्ट्राइक ने मैच का रुख पूरी तरह भारत की तरफ मोड़ दिया और टीम इंडिया ने 17 रन से जीत दर्ज की।
शेन वॉर्न को पीछे छोड़कर रचा नया वर्ल्ड रिकॉर्ड
इस मैच में कुलदीप ने एक ऐसा रिकॉर्ड बनाया, जो उन्हें दुनिया के दिग्गज स्पिनरों की कैटेगरी में लाकर खड़ा कर देता है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा बार 4 विकेट लेने का रिकॉर्ड अब सिर्फ कुलदीप के नाम है। इससे पहले यह रिकॉर्ड महान स्पिनर शेन वॉर्न और भारत के युजवेंद्र चहल के साथ साझा था। कुलदीप ने चौथी बार यह उपलब्धि हासिल करके दोनों को पछाड़ दिया है। इसके साथ ही वनडे क्रिकेट में 10 बार चार विकेट लेने वाले वह अनिल कुंबले के बराबर भी पहुंच गए।
इसे भी पढ़ें : टीम इंडिया की धमाकेदार जीत, रांची में तीन हीरो चमके
धोनी के घर में ऐतिहासिक दिन
रांची का जेसीए स्टेडियम भारतीय क्रिकेट के महान कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का घर माना जाता है। उसी मैदान पर कुलदीप यादव का ऐसा प्रदर्शन होना फैंस के लिए एक खास पल बन गया। सोशल मीडिया पर लोग कुलदीप को ‘किंग कुलदीप’ और ‘भारत का नया स्पिन मास्टर’ कहकर तारीफ कर रहे हैं। भारत ने भले ही इस मैच में बल्लेबाजों की बदौलत बड़ा स्कोर बनाया हो, लेकिन जीत की असली कुंजी कुलदीप की फिरकी ही साबित हुई। रांची वनडे के बाद यह साफ है कि भारतीय टीम में कुलदीप की भूमिका पहले से ज्यादा अहम हो गई है।