जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने सनातन धर्म और हिंदू समाज की एकजुटता को लेकर टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि कोई हिंदू सनातन की बात करता है तो अपने ही लोग उसके विरोध में खड़े हो जाते हैं, जबकि इस्लाम की बात करने वाले के समर्थन में पूरा मुस्लिम समाज खड़ा होता है।
भारत के बिना हिंदुत्व की कल्पना नहीं
उन्नाव के बीघापुर क्षेत्र स्थित गौरी गांव में मंगलवार को आयोजित शिव महापुराण कथा में राजा भैया ने कहा कि हिंदुत्व के बिना भारत और भारत के बिना हिंदुत्व की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि भारत तब तक संवैधानिक राष्ट्र बना रहेगा, जब तक यहां हिंदू बहुसंख्यक हैं। उन्होंने हिंदू समाज से आपसी मतभेद छोड़कर एकजुट और जागरूक रहने का आह्वान किया।
सांसद मनोज तिवारी भी मौजूद रहे
कार्यक्रम में दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी भी मौजूद रहे। उन्होंने भगवान शिव, श्रीराम और सनातन परंपरा से जुड़े भजनों की प्रस्तुति दी। कथावाचक पं. प्रदीप मिश्रा ने शिव महापुराण के प्रसंगों के माध्यम से श्रद्धालुओं को सदाचार, परिश्रम और निर्मल मन से शिव आराधना का संदेश दिया।