सीएम मोहन यादव ने किया बड़ी परियोजना का ऐलान, सांदिपनी विद्यालय व आईटीआई भवन का लोकार्पण भी किया । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जबलपुर जिले के आदिवासी बहुल ब्लॉक कुंडम को एक बड़ी सौगात दी है। उन्होंने गौर नदी पर 1400 करोड़ रुपए की लागत से नए बांध के निर्माण की घोषणा की है। इससे कुंडम क्षेत्र के साथ ही मंडला जिले के अनेक गांवों को भी लाभ मिलेगा। यह बांध क्षेत्र में सिंचाई, जल आपूर्ति और जल संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम साबित होगा। मुख्यमंत्री ने अपने दौरे के दौरान कुंडम स्थित नवनिर्मित सांदिपनी विद्यालय और आईटीआई भवन का लोकार्पण भी किया।
आदिवासी ब्लॉक को मिलेगी नई ऊर्जा
सीएम डॉ. यादव ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि आदिवासी अंचलों को शिक्षा, तकनीकी और सिंचाई जैसी मूलभूत सुविधाएं मिलें, ताकि वहां के बच्चों और किसानों का भविष्य उज्ज्वल हो सके। उन्होंने कहा कि सांदिपनी विद्यालय को विश्व स्तरीय बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है, ताकि यहां पढ़ने वाले छात्र देश-दुनिया में नाम कमा सकें।
खेती और औद्योगिक विकास को लेकर संकल्प
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार उन्नत खेती के साथ-साथ औद्योगीकरण की दिशा में भी सक्रियता से काम कर रही है। किसानों के जीवन स्तर को ऊपर उठाने और युवाओं को हुनरमंद बनाने के लिए योजनाएं चलाई जा रही हैं।
लाड़ली बहनों को रक्षाबंधन पर मिलेगा बोनस
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहना योजना की राशि में रक्षाबंधन से वृद्धि करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि बहनों से किया गया हर वादा पूरा किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को चेक और प्रमाणपत्र भी वितरित किए गए।
नीम का पौधा रोप कर दिया पर्यावरण संदेश
सीएम ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत विद्यालय परिसर में नीम का पौधा भी लगाया और कहा कि पर्यावरण संतुलन के लिए हर व्यक्ति को एक पौधा जरूर लगाना चाहिए। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के उदाहरण से शिक्षा की महत्ता को रेखांकित किया।
उपस्थित नेता:
इस मौके पर विधायक अजय विश्नोई, अशोक रोहाणी, संतोष बरकड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष आशा गोंटिया, भाजपा ग्रामीण अध्यक्ष राजकुमार पटैल और नंदनी मरावी भी मौजूद रहे।