.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3D7c477afc-c8c8-44e7-b900-cb99603bcf5d&w=3840&q=75)
Kurnool bus accident:आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में शुक्रवार को हुए दर्दनाक बस हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। हैदराबाद से बेंगलुरु जा रही वी कावेरी ट्रेवल्स की बस चिन्ना टेकुर गांव के पास एक बाइक से टकरा गई, जिसके बाद बस में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि यात्रियों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और 20 से अधिक लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। शुरुआती जांच में सामने आया कि टक्कर के बाद बस के फ्यूल टैंक में विस्फोट हुआ, जिसने पूरे वाहन को आग की लपटों में घेर लिया।
स्मार्टफोन की खेप ने बढ़ाई आग की तीव्रता
फॉरेंसिक जांच में खुलासा हुआ कि बस के लगेज कंपार्टमेंट में 234 नए स्मार्टफोन रखे हुए थे, जिनकी कीमत करीब 46 लाख रुपये बताई जा रही है। ये मोबाइल फोन हैदराबाद से बेंगलुरु भेजे जा रहे थे। विशेषज्ञों का मानना है कि टक्कर के बाद गर्मी और आग के संपर्क में आने से मोबाइल बैटरियों में विस्फोट हुआ, जिससे आग और तेज हो गई। चश्मदीदों ने बताया कि हादसे के दौरान विस्फोट जैसी आवाज़ें सुनाई दीं, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
यह भी देखेंःमुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे गढ़मुक्तेश्वर, गंगा में चढ़ाया दूध, अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
12 KV बैटरियों और ज्वलनशील मटीरियल ने किया हादसा भयावह
फॉरेंसिक टीम के अनुसार, बस के एसी सिस्टम से जुड़ी दो 12 KV की बैटरियां भी आग की चपेट में आईं, जिससे धमाका हुआ। बस में मौजूद मेटैलिक पेंट और ज्वलनशील सीट कवर ने भी आग को और भड़काया। अधिकारियों ने बताया कि आग मुख्य एग्जिट गेट के पास लगी थी, जिससे यात्रियों का बाहर निकलना असंभव हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि बस कुछ ही मिनटों में जलकर खाक हो गई। फिलहाल पुलिस ने हादसे की विस्तृत जांच शुरू कर दी है, ताकि असली कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।