Kuttu Ki Puri Recipe : नवरात्रि के नौ दिनों में मां दुर्गा के भक्त श्रद्धा के साथ पूजा-पाठ करते हैं और कई लोग उपवास भी रखते हैं. व्रत के दौरान अनाज से परहेज किया जाता है, इसलिए फल, कुछ सब्जियां और व्रत में खाई जाने वाली सामग्री से अलग-अलग पकवान तैयार किए जाते हैं। इनमें कुट्टू के आटे की पूड़ी काफी पसंद की जाती है. हालांकि, कुट्टू के आटे में गेहूं की तरह ग्लूटेन नहीं होता, इसलिए इसकी पूड़ी बेलते समय फट सकती है, टूट सकती है या चिपकने लगती है. कुछ आसान बातों का ध्यान रखकर आप घर पर अच्छी और फूली-फूली पूड़ियां बना सकते हैं.
1. आटा गूंथते समय रखें ध्यान
कुट्टू का आटा गूंथने के लिए एक बर्तन में आटा लें और थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए इसे गूंथें. एक साथ ज्यादा पानी डालने से आटा चिपचिपा हो सकता है. चाहें तो उबले हुए आलू को अच्छी तरह मैश करके आटे में मिला सकते हैं. इससे आटा बांधने और पूड़ी बेलने में मदद मिलती है.
2. आटे को ज्यादा देर खुला न छोड़ें
कुट्टू का आटा गूंथने के बाद उसे ज्यादा देर तक खुला न रखें। जरूरत के अनुसार थोड़ा-थोड़ा आटा गूंथना बेहतर रहता है. अगर आटा बहुत सूखा लगे, तो कुछ बूंद पानी डालकर दोबारा गूंथ लें। वहीं, चिपचिपा होने पर थोड़ा सूखा आटा मिला सकते हैं.
3. पूड़ी बेलने का सही तरीका
कुट्टू के आटे की लोई बनाकर उसे दो प्लास्टिक शीट या बटर पेपर के बीच रखकर बेल सकते हैं. इससे आटा बेलन या चकले पर चिपकने की आशंका कम होती है। पूड़ी को न बहुत पतला बेलें और न ही बहुत मोटा रखें, ताकि वह आसानी से तल सके.
4. तेल का तापमान सही रखें
पूड़ी तलने के लिए कड़ाही में तेल या व्रत में मान्य घी गर्म करें. तेल पर्याप्त गर्म होना चाहिए, लेकिन उसमें से धुआं नहीं निकलना चाहिए. पूड़ी डालने पर वह धीरे-धीरे ऊपर आने लगे, तो उसे कलछी से हल्का दबाएं। इससे पूड़ी फूलने में मदद मिल सकती है.
5. पूड़ी को कुरकुरा और स्वादिष्ट बनाएं
पूड़ी को मध्यम से तेज आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा होने तक तलें. एक बार में बहुत सारी पूड़ियां न डालें, क्योंकि इससे तेल का तापमान कम हो सकता है। तैयार पूड़ियों को निकालकर अतिरिक्त तेल निकलने दें और गर्मागर्म आलू की व्रत वाली सब्जी या दही के साथ परोसें.
इन छोटी गलतियों से बचें
आटा बहुत गीला न गूंथें, पूड़ी को बहुत पतला न बेलें और ठंडे तेल में तलने से बचें। इन बातों का ध्यान रखने से कुट्टू के आटे की पूड़ी टूटने और चिपकने की समस्या कम हो सकती है। इस बार नवरात्रि में इन आसान टिप्स को अपनाकर घर पर स्वादिष्ट पूड़ियां बनाएं.